शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आज यानी वीरवार सुबह अपने निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अचानक दिल्ली रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के शिमला में वन विभाग की ओर से आयोजित वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम तय था, लेकिन सुबह उनके शेड्यूल में बदलाव कर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हुए।
राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन में होंगे शामिल
पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा ले सकते हैं। यह प्रदर्शन राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़ी निकिता : गाड़ी में 2 दोस्तों संग निकली थी चिट्टा बेचने...तीनों पहुंचे जेल
मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली रवाना होने को इसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है।
हिमाचल में भी कांग्रेस ने तेज किया विरोध
राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस भी लगातार विरोध दर्ज करवा रही है। पार्टी की ओर से प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इससे पहले बुधवार को शिमला में लोकभवन के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में ट्रैकिंग पर निकले पांच ट्रैकर लापता, पिछले 12 घंटे से रेस्क्यू जारी- बर्फबारी बनी बाधा
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई।
आज जिला स्तर पर होंगे कांग्रेस के प्रदर्शन
कांग्रेस ने अब विरोध को जिला स्तर तक ले जाने की तैयारी की है। वीरवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पार्टी संगठन धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी जिला इकाइयों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के शनिदेव मंदिर में मूर्तियां खंडित, शिवलिंग भी तोड़ा- पुलिस ने दबोचा आरोपी
इन प्रदर्शनों के माध्यम से कांग्रेस राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाएगी। पार्टी का फोकस अब प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आंदोलन को आगे बढ़ाने पर है।
ऊना में प्रदर्शन में शामिल होंगी रजनी पाटिल
प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी हिमाचल पहुंचकर आंदोलन में हिस्सा लेंगी। वह विशेष रूप से ऊना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रदर्शन में शामिल होंगी। ऐसे में मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और प्रदेश में जिला स्तर पर होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शनों को पार्टी के मौजूदा राजनीतिक अभियान की अगली कड़ी माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के अचानक कार्यक्रम बदलने से प्रदेश की सियासत में भी हलचल बढ़ गई है।
