शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बुधवार को राजनीतिक हलचल अचानक तेज हो गई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने बिलासपुर दौरे के दौरान अचानक दिल्ली रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का पहले 15 अगस्त तक बिलासपुर दौरे पर रहने और उसके बाद शिमला लौटने का कार्यक्रम बताया गया था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद वह दिल्ली पहुंचे। उनके अचानक दिल्ली जाने को कांग्रेस के भीतर चल रही महत्वपूर्ण राजनीतिक चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से होगी चर्चा

मुख्यमंत्री के दिल्ली पहुंचने के बाद प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता भी बढ़ गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री की कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ महत्वपूर्ण बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के भी शामिल होने की चर्चा है।

यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर फूटा सांसद अनुराग का गुस्सा, बोले- ‘खटाखट मॉडल अब खटारा हो गया’

एक ही समय में प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं का दिल्ली में जुटना इस बात के संकेत दे रहा है कि सरकार और संगठन से जुड़े कुछ अहम फैसलों पर शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के भी दिल्ली पहुंचने से चर्चाओं को और बल मिला है।

कुछ मंत्रियों के विभाग बदलने की भी अटकलें

राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि बैठकों के दौरान मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल, नए मंत्री की नियुक्ति और संगठन में खाली पड़े महत्वपूर्ण पदों को लेकर चर्चा हो सकती है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के नाम की है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में उन्हें जगह दिए जाने की संभावना मजबूत है। कुल्लू क्षेत्र को लंबे समय से सरकार में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठती रही है।

यह भी पढ़ें : BJP MLA सुधीर शर्मा की बढ़ी टेंशन : 70 लाख के शेयर, लाखों की जमीन का विजिलेंस ने मांगा हिसाब

अगर सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है तो इसे सरकार की क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जाएगा। इससे कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को भी राजनीतिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ केवल नए चेहरे को शामिल करने की ही चर्चा नहीं है, बल्कि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव की संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। सरकार के भीतर एक मंत्री को हटाए जाने की अटकलें भी राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनी हुई हैं। 

विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर भी नजर

हालांकि, इन चर्चाओं पर अभी कांग्रेस नेतृत्व या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अंतिम फैसला मुख्यमंत्री और कांग्रेस हाईकमान के बीच होने वाली बातचीत के बाद ही सामने आने की उम्मीद है। मंत्रिमंडल के अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष के पद को लेकर भी कांग्रेस के भीतर गतिविधियां तेज होने की चर्चा है। इस पद के लिए पालमपुर विधायक आशीष बुटेल का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।

यह भी पढ़ें : गिरफ्तारी देने थाने पहुंचे पूर्व MLA, सैंकड़ों कार्यकर्ता भी साथ- हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

आशीष बुटेल को संगठन और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाला नेता माना जाता है। उनके समर्थकों की ओर से उन्हें विधानसभा उपाध्यक्ष बनाए जाने की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज है। वहीं संजय रत्न समेत कुछ अन्य विधायकों के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक हलचल केवल मंत्रिमंडल तक सीमित नहीं है। प्रदेश कांग्रेस संगठन में भी आने वाले दिनों में कई नियुक्तियां होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की जानी हैं।

दिल्ली दौरे ने बढ़ाया सियासी सस्पेंस

ऐसे में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी का दिल्ली में एक साथ सक्रिय होना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन में बदलाव का सीधा असर आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों पर भी पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में ढहा दो मंजिला मकान, मां समेत गर्भवती बेटी ने गंवाई जा..न, 2 साल के बच्चे....

मुख्यमंत्री सुक्खू का अचानक दिल्ली जाना ऐसे समय हुआ है जब हिमाचल कांग्रेस में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल को लेकर काफी समय से अटकलें चल रही हैं। अब दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है कि सरकार में कौन नया चेहरा शामिल होगा, किन मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे और संगठन में किन नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें