बद्दी/शिमला। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में उनकी पत्नी के नाम दर्ज टिप्पर और एक पोकलेन मशीन को जब्त किया है। मामला केवल अवैध खनन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह सत्ता और प्रशासन के बीच टकराव का प्रतीक बनता जा रहा है।

भाजपा ने खोला कांग्रेस विधायक के खिलाफ मोर्चा

इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में जबरदस्त हलचल है। वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने कांग्रेस विधायक और उनकी पत्नी पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने और खनन के आरोप लगाए।  आज गुरुवार को दून विधानसभा के भाजपा मंडल ने मानपुरा पुलिस थाना के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष मान सिंह मेहता और जिला भाजपा सचिव गुरमेल चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधायक राम कुमार चौधरी और उनकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल का कॉलेज ड्रॉपआउट कैसे बना पाक का जासूस? सेना की तस्वीरें भेजी, जानें क्या ISI से जुड़े हैं तार?

भाजपा ने लगाए यह गंभीर आरोप

भाजपा नेताओं का कहना है कि सत्ता में आने के बाद कुछ जनप्रतिनिधि सरकारी संसाधनों को अपनी निजी संपत्ति समझने लगते हैं। भाजपा नेता गुरमेल चौधरी और मान सिंह मेहता ने आरोप लगाया कि विधायक ने सरकारी जमीन पर मकान बनवाने के अलावा, बिजली कनेक्शन में भी गड़बड़ी कर अवैध लाभ उठाया है। मान सिंह का कहना है कि विधायक कह रहे हैं कि वे अपनी जमीन समतल कर रहे हैं, लेकिन जब खुदाई 20 फीट गहरी हो और सरकारी भूमि पर हो, तो यह जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पाकिस्तानी जासूस अरेस्ट- कई दिनों से थी पुलिस की नजर, मोबाइल में मिले कई सबूत

जनता सड़कों पर, सीमित कार्रवाई

किशनपुरा पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों ने भी विधायक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। दून के कांग्रेस विधायक पहले भी अवैध खनन, निर्माण और जमीन कब्जे के मामलों में चर्चाओं में रह चुके हैं। बावजूद इसके सरकार इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: साथी कर्मचारियों ने पत्नी को सौंपी थैली, बोले-यह तुम्हारे पति की अस्थि*यां; SP से लगाई गुहार

प्रशासन के साथ पुरानी तनातनी

बता दें कि विधायक राम कुमार और एसपी इल्मा अफरोज के बीच अवैध खनन को लेकर ही टकराव भी हुआ था। इल्मा अफरोज ने कथित तौर पर विधायक की पत्नी की स्वामित्व वाली कंपनी की गाड़ियों के चालान किए थे। जिसके बाद यह मामला काफी तुल पकड़ गया था। सरकार के दवाब के बावजूद एसपी ने अपना कार्य निरंतर जारी रखा, जिसके चलते उन्हें पहले लंबी छुट्टी पर भेज दिया और बाद में उनका लाहौल स्पीति तबादला कर दिया गया था। 

 

यह भी पढ़ें : वृंदावन जा रही HRTC पर पंजाब में हुई पत्थरबाजी, बाइक सवारों ने तोड़ा फ्रंट मिरर- ड्राइवर...

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

वहीं इस मामले में मानपुर थाना प्रभारी श्याम लाल ने कहा कि तीन टिप्पर और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई है और जांच जारी है। यह कार्रवाई नियमों के अनुसार की गई है और अगर आगे भी कानून का उल्लंघन पाया गया तो कठोर कदम उठाए जाएंगे। वहीं इस पूरे मामले में अभी तक विधायक राम कुमार का कोई भी सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने मीडिया के सामने सिर्फ इतना ही कहा है कि वह अपनी निजी जमीन को समतल करवा रहे थे। उन पर लगाए अवैध खनन के आरोप निराधार हैं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें