#अपराध
May 29, 2025
हिमाचल का कॉलेज ड्रॉपआउट कैसे बना पाक का जासूस? सेना की तस्वीरें भेजी, जानें क्या ISI से जुड़े हैं तार?
अभिषेक के फेसबुक पर 3092 फ्रेंड्स हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी अकाउंट्स हैं
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल के शांत कहे जाने वाले कांगड़ा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर उस व्यक्ति को झकझोर दिया है, जो ये मानता है कि हमारे गांवों से कोई देशद्रोही कैसे निकल सकता है? मगर ये सची घटना है और इस खबर के बाद हर कोई हैरान है कि आखिर 20 साल का ये लड़का जासूस बना तो बना कैसे?
देहरा के सुखाहर गांव का रहने वाला 20 वर्षीय अभिषेक भारद्वाज, अब देश की सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त में है। आरोप है कि उसने भारत की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान में बैठे एजेंटों को भेजी।
SP मयंक चौधरी के मुताबिक, अभिषेक के मोबाइल से सेना से जुड़ी तस्वीरें, डॉक्युमेंट्स और लोकेशन डेटा मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लड़का कॉलेज ड्रॉपआउट है और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़ा।
अभिषेक के फेसबुक पर 3092 फ्रेंड्स हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी अकाउंट्स हैं। उसने सोशल मीडिया पर गन और कारतूस से सजा हुआ वीडियो भी शेयर किया, जिसमें 'अभिषेक भारद्वाज' नाम कारतूसों से लिखा हुआ है और आसपास हथियार रखे हैं। भले ही हथियार असली हों या नकली, पर मानसिकता सवालों के घेरे में है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से ही पुलिस ने ऑनलाइन निगरानी तेज कर दी थी। गुप्त सूचना मिली कि देहरा का एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। जांच बढ़ी तो अभिषेक का नाम सामने आया। बुधवार सुबह तड़के उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
DSP राज कुमार ने बताया कि अभिषेक ने देशविरोधी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए शेयर करने की बात कबूली है। अब पुलिस उसकी डिजिटल गतिविधियों की पूरी पड़ताल कर रही है। क्या वो अकेला था या किसी नेटवर्क का हिस्सा, ये बड़ा सवाल है।