सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में यमुना नदी से दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के मामलों ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने अब SIT का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की हर पहलू से गहन जांच की जाएगी।

दो लड़कियों के शव मिलने से सनसनी

SP सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि SIT का नेतृत्व DSP स्तर का अधिकारी करेगा। टीम में पांवटा साहिब थाना प्रभारी और साइबर सेल के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। यह टीम सीधे पुलिस अधीक्षक को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इतिहास में पहली बार- 2 साल की बच्ची बनी मुख्यातिथि, आपदा में खो चुकी है पूरा परिवार

यमुना में मिले बच्चियों के शव

हाल ही में पांवटा साहिब क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची का शव यमुना नदी से बरामद हुआ था। पुलिस के अनुसार बच्ची अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। तलाश के दौरान कुछ घंटों बाद उसका शव नदी में मिला।

CCTV फुटेज भी लगी हाथ

जांच में पुलिस को एक CCTV फुटेज भी हाथ लगी है, जिसमें बच्ची नदी की ओर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने भी सामने आकर बयान दिया है। उसके मुताबिक बच्ची मदद के लिए आवाज लगा रही थी, लेकिन जब तक वह नदी किनारे पहुंचा, तब तक वह पानी में डूब चुकी थी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में रसोई पर बड़ा बोझ : 65 रुपये महंगा हुआ घी- तेल, मसाले और राशन के दामों में भारी उछाल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया?

SP ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर किसी तरह की बाहरी या अंदरूनी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यौन उत्पीड़न जैसी किसी आशंका की भी पुष्टि नहीं हुई है।

घर से गायब हुई 13 साल की लड़की

इसी तरह का एक और मामला अप्रैल महीने में सामने आया था, जब 13 वर्षीय किशोरी लापता हो गई थी। पुलिस ने उसी दिन गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। तीन दिन बाद किशोरी का शव भी यमुना नदी से बरामद किया गया था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज 3 बजे के बाद थमेगा प्रचार का शोर; 48 घंटे तक ठेके-BAR बंद

मौत के असली कारणों का पता

पुलिस के अनुसार शव की हालत खराब होने के बावजूद जांच प्रक्रिया पूरी सावधानी के साथ की गई। फॉरेंसिक जांच और एक्स-रे करवाने के बाद पोस्टमॉर्टम किया गया। मगर उसमें भी किसी प्रकार की चोट या यौन शोषण के संकेत नहीं मिले। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया है- ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

अफवाहों पर ना करें यकीन

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि दोनों घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि जांच वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ रही है और तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष सामने आएंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें