शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीती रात आसमान से लगातार बरसती बारिश ने कहर ढा दिया। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक हालात बिगड़ गए हैं। ऊना, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और मंडी जिले के सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, मंडी सदर, गोहर, करसोग, कोटली, सरकाघाट, पधर और बालीचौकी सब-डिवीजन में प्रशासन ने आज सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है।
कांगड़ा का इंदौरा पानी में डूबा
कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहाँ कई घर पानी में डूब गए हैं और किसानों की जमीन भी जलमग्न हो गई है। सड़कों पर खड़ी गाड़ियां पानी में बहती नज़र आईं। ग्रामीणों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के लिए प्रशासनिक टीमें तैनात की गई हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड ने बदला रुख- जलमग्न हुआ इंदौरा, वाहन बहे; घरों में 5 फीट भरा पानी-तैरने लगा सामान
चंबा में लैंडस्लाइड, घर को नुकसान
चंबा जिला के भरमौर की सैहली पंचायत में आज सुबह अचानक भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ से गिरी विशाल चट्टानों ने एक घर को नुकसान पहुंचाया। हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते लोग बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।
482 सड़कें और 2 नेशनल हाईवे बंद
राज्य भर में लगातार हो रही बारिश से सड़क नेटवर्क चरमराया हुआ है। अब तक दो नेशनल हाईवे समेत 482 सड़कें बंद हो चुकी हैं। चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-भरमौर हाईवे पर जगह-जगह लैंडस्लाइड से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क किनारे सैकड़ों वाहन और टूरिस्ट फंसे हुए हैं। लोग प्रशासन की ओर से सड़क बहाली का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 5 साल के बच्चे को बोलेरो ने मारी टक्कर, दूर जाकर गिरा; परिवार ने खो दिया मासूम बेटा
ब्यास नदी पर खतरा
कुल्लू जिला में ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पंडोह डैम से पानी छोड़े जाने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सख्त हिदायत दी है कि कोई भी व्यक्ति नदी किनारे न जाए।
लगातार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है। आज पांच जिलों-ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 26 अगस्त यानी कल के लिए सात जिलों- ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में यलो अलर्ट रहेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: तेज रफ्तार में था बाइक सवार, सामने से आ रहे ट्रक से टकराया; दूर जाकर गिरा युवक
मानसून का कहर- 303 मौतें
इस बार का मानसून प्रदेश पर भारी पड़ा है। अब तक 303 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 36 मौतें लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से हुई हैं। 37 लोग अब भी लापता हैं। वहीं 684 घर पूरी तरह ढह चुके हैं और 2425 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
