#विविध
October 27, 2026
हिमाचल की राजधानी में लगा लंबा जाम, कई घंटों तक फंसी रही AMBULANCE- रॉंग पार्किंग ने किया परेशान
मंडी के गेट पर भी गलत पार्किंग से बढ़ी परेशानी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के बीच जिला शिमला के उपनगर ढली से भी परेशान करने वाली तस्वीर सामने आई है। मंगलवार सुबह सड़क किनारे रॉन्ग पार्किंग के कारण ढली सब्जी मंडी और पुलिस स्टेशन के बाहर लंबा जाम लग गया। सुबह से ही सड़क पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। हालात इतने बिगड़ गए कि करीब 5:30 बजे एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गलत पार्किंग के कारण आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी कितनी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ढली सब्जी मंडी और पुलिस स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे से वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहन गलत तरीके से पार्क किए गए थे। इससे सड़क पर आने-जाने के लिए जगह कम पड़ गई और सुबह के व्यस्त समय में ट्रैफिक रुक गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह से फाइल मांगती रही महिला- नायब तहसीलदार लेते रहे चाय-बिस्कुट के मजे, वीडियो में खुली पोल
ढली सब्जी मंडी के अंदर और एंट्री गेट के पास भी कई वाहन गलत साइड में खड़े थे। इसके चलते सब्जी लेकर आने वाली गाड़ियां भी मुख्य सड़क पर खड़ी करनी पड़ीं। इन वाहनों की वजह से सड़क पर जाम और ज्यादा बढ़ गया और लोगों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।
ढली सब्जी मंडी के आसपास ट्रैफिक जाम अब लोगों के लिए आम परेशानी बनता जा रहा है। खास बात यह है कि यहां सड़क काफी चौड़ी है, फिर भी गलत पार्किंग के कारण अक्सर जाम लग जाता है। शहर की कई प्राइवेट बसें और निजी वाहन सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम लोगों पर पड़ता है।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान: अब इन्हें भी घर निर्माण को मिलेंगे 3 लाख, शुरू की वाल्मीकि आवास योजना
हैरानी की बात यह है कि ढली पुलिस थाने के बाहर भी जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे गलत और बेतरतीब पार्किंग की समस्या के बारे में कई बार पुलिस को बताया गया है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने मांग की है कि सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाए और सुबह के समय ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाए।
अगर सड़क किनारे गाड़ियों की गलत पार्किंग पर रोक नहीं लगाई गई तो सुबह के समय जाम की समस्या आगे भी बनी रह सकती है। लोगों का कहना है कि पुलिस और संबंधित विभाग को मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं के वाहन भी बिना रुकावट के निकल सकें।