शिमला। हिमाचल प्रदेश में थायराइड के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। पहले यह बीमारी मुख्य रूप से महिलाओं में अधिक देखने को मिलती थी। मगर अब पुरुषों में भी इसके मामले तेजी से सामने आ रहे हैं।

हिमाचल में बढ़ रहे थायराइड मामले

डॉक्टरों का मानना है कि बदलती जीवनशैली, बढ़ता मानसिक तनाव, काम का दबाव, अनियमित दिनचर्या और लगातार थकान इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं। खास बात यह है कि थायराइड सिर्फ शरीर को ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और दिमागी कार्यक्षमता को भी प्रभावित कर रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : पलभर में उजड़ा परिवार, खाई में समाई कार; पति-पत्नी की मौ.त, बेटे समेत 2 घायल

तेजी से फैल रहा थायराइड

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, देशभर में थायराइड अब तेजी से फैलने वाली बीमारियों में शामिल हो चुका है। अनुमान है कि भारत में लगभग हर दसवां व्यक्ति किसी न किसी प्रकार की थायराइड समस्या से जूझ रहा है।

महिलाओं के मामले ज्यादा

महिलाओं में यह परेशानी पुरुषों की तुलना में कहीं अधिक पाई जा रही है। खासकर गर्भवती महिलाओं में थायराइड की समस्या बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल रही है। हिमाचल में 31 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में थायराइड के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में लव मैरेज का दुखद अंत : 19 वर्षीय विवाहिता की मौ*त, 5 महीने का मासूम छूटा; सास-पति गिरफ्तार

पुरुषों में भी दिख रहे गंभीर लक्षण

वहीं, अब पुरुषों में भी इसके गंभीर लक्षण बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जब शरीर में थायराइड हार्मोन का स्तर सामान्य से कम या ज्यादा हो जाता है, तब यह विकार पैदा होता है। इससे शरीर की कई महत्वपूर्ण क्रियाएं प्रभावित होने लगती हैं।

बढ़ते मामलों के लेकर चिंता

थायराइड के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि अब यह बीमारी बच्चों में भी देखने को मिल रही है। अगर समय रहते इसका पता न चले और उपचार शुरू न हो, तो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर गहरा असर पड़ सकता है। कई मामलों में बच्चे की सीखने की क्षमता और दिमागी विकास प्रभावित होने का खतरा रहता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की आधी आबादी UNMARRIED : बूढ़ों की संख्या लगातार बढ़ रही, बच्चे और जवान कम

क्या है थायराइड के लक्षण?

डॉक्टरों के अनुसार,  कई लोग इन संकेतों को सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी धीरे-धीरे गंभीर रूप ले सकती है।

  • लगातार थकान रहना
  • अचानक वजन बढ़ना
  • कमजोरी महसूस होना
  • ज्यादा ठंड लगना
  • कब्ज की समस्या
  • चेहरे या शरीर में सूजन 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादीशुदा महिला लापता, 24 घंटे से ढूंढ रहा पति- नहीं मिला कोई सुराग; करें मदद

शरीर के हर हिस्से पर असर

विशेषज्ञ बताते हैं कि गले के सामने मौजूद छोटी-सी थायराइड ग्रंथि शरीर के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। यही ग्रंथि शरीर की ऊर्जा, मेटाबॉलिज्म, शरीर का तापमान, दिल की धड़कन, मानसिक विकास और हार्मोन संतुलन को नियंत्रित करती है। यह T3 और T4 नामक हार्मोन बनाती है, जिनका असर शरीर के लगभग हर अंग पर पड़ता है।

गंभीर हो सकता है थायराइड

थायराइड मुख्य रूप से चार प्रकार का माना जाता है। इनमें हाइपोथायरॉयडिज्म, हाइपरथायरॉयडिज्म, गॉइटर और थायराइड नोड्यूल शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार कई मरीजों में शुरुआत में हल्के लक्षण दिखाई देते हैं, लेकिन समय पर जांच और उपचार न होने पर बीमारी गंभीर हो सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नशे में बीच सड़क मचाया उत्पात- एंबुलेंस रोक स्टाफ के कपड़े फाड़े, पुलिस से भी भिड़े आरोपी

बढ़ रहे थायराइड के मामले

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुर धर्माणी और मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सोनिया के अनुसार महिला, पुरुष और बच्चों तीनों वर्गों में थायराइड के मामले बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि शुरुआती स्तर पर जांच और इलाज शुरू कर दिया जाए तो शरीर पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों से काफी हद तक बचा जा सकता है।

नवजात बच्चों को भी थायराइड

नवजात बच्चों में भी जन्मजात थायराइड के मामले सामने आ रहे हैं। अध्ययनों के अनुसार, लगभग 2500 बच्चों में से एक बच्चा जन्मजात थायराइड से प्रभावित पाया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान आयोडीन की कमी और आनुवंशिक कारण इसके पीछे अहम वजह हो सकते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में आयोडीन की कमी का खतरा अधिक माना जाता है, जिससे हिमाचल जैसे राज्यों में जोखिम बढ़ जाता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन : अलग-अलग नशे संग धरे दो, ढेर सारी कैश भी बरामद

दीमाग पर भी पड़ सकता है असर

डॉक्टरों ने नवजात बच्चों की समय पर स्क्रीनिंग को बेहद जरूरी बताया है। उनका कहना है कि अगर जन्मजात हाइपोथायरॉयडिज्म का शुरुआती चरण में उपचार न किया जाए तो बच्चे का मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें