शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से जारी भारी बारिश और बर्फबारी के बाद अब पहाड़ों पर एवलांच गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में हालात लगातार चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं। बीते रोज किन्नौर जिले में एवलांच गिरने की घटना के बाद आज लाहौल.स्पीति जिला में एक के बाद एक तीन एवलांच गिरने से अफरा.तफरी मच गई। एवलांच की चपेट में चार वाहन आ गए, जिनमें कई लोग सवार बताए जा रहे हैं। गनीमत यह रही कि समय रहते बड़ा जानी नुकसान टल गया।

एवलांच की चपेट में आई सवारियों से भरी 4 गाड़िया

बताया जा रहा है कि आज अटल टनल रोहतांग के नोर्थ पोर्टल के समीप  3 जगह  एवलांच  गिरे। इस दौरान लाहौल से मनाली जा रही चार गाड़ियां इन एवलांच की चपेट में आ गई। एवलांच गिरने से चारों गाड़ियां आधी बर्फ में दब गई थीं। गाड़ियों में काफी लोग सवार थे, जिन्होंने समय रहते गाड़ी से निकल कर दूर भाग कर अपनी जान बचाई। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए आवाजाही प्रभावित हो गई। मौके पर मौजूद बीआरओ के कर्मचारी बर्फ में दबी गाड़ियों को बाहर निकालने के काम में जुटे हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवक को भारी पड़ा ऑल्टो कार को मॉडिफाई करवाना, पुलिस ने काटा एक लाख का चालान


लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। किन्नौर और लाहौल.स्पीति जिलों के लिए एवलांच अलर्ट जारी किया गया है। पर्यटकों के साथ.साथ स्थानीय लोगों को भी अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी ढलानों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मनाली में बारिश, बिलासपुर में घना कोहरा

मनाली में सुबह अच्छी बारिश हुई, वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर शहर और भाखड़ा बांध क्षेत्र में दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बस हा*दसा: अब तक चार लोगों की मौ*त, CM के घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश

क्या कहता है मौसम विभाग

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार चंबा, कुल्लू, लाहौल.स्पीति और किन्नौर जिलों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई, जबकि सुबह के समय किन्नौर और लाहौल.स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : भक्ति में लीन युवक को लगा करंट का झटका, नहीं बच पाया बेचारा- 20 साल थी उम्र

विभाग के अनुसार कल और परसों पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। 6 फरवरी को एक बार फिर ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 7 और 8 फरवरी को मौसम फिर से साफ हो जाएगा। इससे आने वाले पांच.छह दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी।

400 सड़के अभी भी बंद

बीते दिनों की बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में 450 से अधिक सड़कें और 800 से ज्यादा बिजली ट्रांसफॉर्मर अभी भी ठप पड़े हैं। मौसम साफ होने से अब सड़कों की बहाली और बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने के कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें