सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां नाहन कच्चा टैंक थाना क्षेत्र से एक 52 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। व्यक्ति के लापता होने से पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।
संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति लापता
बताया जा रहा है कि व्यक्ति घर से किसी काम के लिए निकला था। मगर वो वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने हर संभावित स्थान पर तलाश कर ली है, मगर अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवार लापता व्यक्ति की तलाश में दर-दर भटक रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर फटा बादल- हर तरफ फैला मलबे का सैलाब, कई घरों पर मंडराया खतरा
तीन दिन पहले निकला था घर से
लापता व्यक्ति के 24 वर्षीय बेटे ने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट नाहन कच्चा टैंक थाने में दर्ज करवाई है। बेटे ने बताया कि वो लोग ददाहू के नेहरसवार के रहने वाले हैं। बीती 15 अगस्त को उसके पिता सुनील कुमार सैनी (52) घर से किसी काम के लिए टोन्डा-नाहन प्राइवेट बस में सवार होकर नाहन गए थे।
आखिरी बार कहां दिखे?
यह बस शाम करीब 6.15 पर नाहन पहुंची थी। जहां से उसके पिता वापस घर नहीं लौटे। ऐसे में उन्होंने बस अड्डे पर लगे CCTV फुटेज की जांच की- जिसमें उसके पिता करीब 6 बजकर 24 मिनट पर आखिरी बार दिखाई दिए। मगर इसके बाद उनका कुछ अता-पता नहीं चल पाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 150 भेड़-बकरियां मलबे में दबी, चार बेजुबानों पर गिरी आसमानी बिजली- महिला भी...
फोन भी नहीं था पास
बेटे ने बताया कि सुनील के पास फोन भी नहीं था। ऐसे में वो उससे संपर्क भी नहीं कर पाए। परिजनों ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाता था। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है।
तलाश में भटक रहा बेटा
बेटा पिता की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, सुनील की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : लापरवाही ने छीनी युवक की जिंदगी, दूसरे की हालत नाजुक- बाइक पर सवार थे दोनों
सुनील को ढूंढने में करें मदद
सुनील के बेटे और परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि यदि किसी को सुनील के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उन्हें कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें। परिजनों ने अपना मोबाइल नंबर भी शेयर किया। सुनील की कोई भी जानकारी मिलने पर आप इस नंबर अनुज ठाकुर- 7814304839 पर संपर्क कर सकते हैं।
सही-सलामत हो सुनील
परिजन हर पल सुनील के सकुशल वापस लौटने की आस में हैं। उनका कहना है कि यदि किसी कारणवश सुनील कहीं फंस गया है या रास्ता भटक गया है- तो सही-सलामत बस को घर लौट आए।
