नई दिल्ली/शिमला। जुलाई महीने की पहली तारीख देश सहित हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में आई गिरावट के बाद आम जनता को महंगाई के मोर्चे पर बहुत बड़ी राहत मिली है। एक तरफ जहां पेट्रोल डीजल की कीमतें आज से कम हो गई हैं। वहीं एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी बड़ी राहत मिली है।
183.50 रुपए सस्ता हुआ गैस सिलेंडर
दरअसल हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी कटौती की गई है। तेल कंपनी ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम घटा दिए हैं। राजधानी दिल्ली में वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कमी दर्ज की गई है। नई दरों के अनुसार अब यह सिलेंडर 2,930 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि जून महीने में इसकी कीमत 3,113,50 रुपये थी। हिमाचल में भी इसकी कीमत यही रहेगी, हालांकि अलग अलग जिलों में परिवहन चार्ज के दामों में थोड़ा बहुत बदलाव हो सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को 16वें वित्त आयोग से बड़ी सौगात, पहली किस्त में मिलेंगे 240 करोड़; पंचायतों की बल्ले-बल्ले
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं
वाणिज्यिक गैस सिलेंडर सस्ता होने के बावजूद घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए दरें पहले की तरह ही लागू रहेंगी। बावजूद इसके, व्यावसायिक गैस की कीमत कम होने से होटल, भोजनालय और खानपान सेवाओं की परिचालन लागत में कमी आने की संभावना है।
पेट्रोल 5 रुपए, डीजल 3 रुपए हुआ सस्ता
देश की प्रमुख निजी ईंधन विक्रेता कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने देशभर में फैले 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की घोषणा की है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया गया है। कंपनी ने नई कीमतें पहली जुलाई से लागू कर दी हैं।
यह भी पढ़ें : धर्मशाला MC: मेयर चुनाव से पहले तीन BJP पार्षदों पर अतिक्रमण का डंडा, कांग्रेस बिगाड़ सकती है समीकरण!
बता दें कि नायरा कंपनी के हिमाचल में भी काफी पेट्रोल पंप हैं, ऐसे में इन पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल और डीजल लोगों को पहले से सस्ता मिलेगा। इस कदम को पिछले दो वर्षों से अधिक समय के दौरान ईंधन कीमतों में की गई सबसे बड़ी खुदरा कटौतियों में से एक माना जा रहा है। इससे निजी वाहनों के मालिकों के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मध्य-पूर्व में तनाव कम होने का दिखा असर
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया और मध्य-पूर्व क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव कम होने तथा अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के कारण ईंधन बाजार में राहत का माहौल बना है। हाल के महीनों में वैश्विक परिस्थितियों के चलते ऊर्जा उत्पादों की कीमतों में तेजी देखने को मिली थी, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा था। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट का लाभ धीरे-धीरे उपभोक्ताओं तक पहुंचना शुरू हो गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: उल्टी करने कार से उतरी महिला, पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मौ*त- साथ था परिवार
हिमाचल में परिवहन और पर्यटन क्षेत्र को राहत
हिमाचल प्रदेश में हजारों टैक्सियां, टूरिस्ट वाहन, निजी बसें और मालवाहक वाहन प्रतिदिन सड़कों पर चलते हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आई कमी से परिवहन लागत घटने की संभावना है। इसके अलावा मनाली, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और स्पीति जैसे पर्यटन स्थलों पर होटल एवं रेस्तरां संचालकों को भी वाणिज्यिक गैस सस्ती होने का लाभ मिलेगा।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदली कीमतें
जहां निजी क्षेत्र की कंपनी ने ईंधन की कीमतों में कटौती की है, वहीं सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने फिलहाल अपने पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के आउटलेट्स पर पूर्व निर्धारित दरें ही लागू हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 72 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी
आम लोगों के लिए राहत भरी शुरुआत
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच जुलाई महीने की शुरुआत राहत भरी मानी जा रही है। ईंधन और वाणिज्यिक गैस दोनों की कीमतों में आई कमी से व्यापार, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश जैसे पर्यटन आधारित राज्य में इसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले दिनों में और अधिक देखने को मिल सकता है।
