#विविध
November 12, 2026
घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों पर होगी सुनवाई

शिमला। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए राज्य महिला आयोग दिसंबर में विशेष कोर्ट आयोजित करने जा रहा है। आयोग ने इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इस पहल के तहत पहले चंबा और कांगड़ा में महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई होगी, जबकि इसके बाद शिमला में कोर्ट लगाया जाएगा।
महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी के अनुसार, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चलते फिलहाल कोर्ट आयोजन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। सत्र समाप्त होने के बाद आयोजन की तारीखें निर्धारित की जाएंगी। आयोग की योजना दिसंबर में तीनों जिलों में सुनवाई करने की है।
इन विशेष कोर्ट में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न, भरण-पोषण और महिलाओं के अधिकारों से संबंधित शिकायतों को सुना जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार आयोग के कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है।
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता और दूसरे पक्ष को एक ही मंच पर बुलाया जाएगा, ताकि दोनों की बात सुनकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की कोशिश की जा सके। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों से भी मामलों को लेकर जानकारी ली जाएगी।
इस पहल से खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज करवाने और उसका समाधान पाने का अवसर मिलेगा। विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद आयोग की ओर से कोर्ट की तारीखों की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।