शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के मंडी दौरे का कार्यक्रम बिगाड़ दिया है। प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मंगलवार को प्रस्तावित प्रियंका गांधी का मंडी दौरा रद्द कर दिया गया है। उन्हें देवरी स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करना था। अब दौरा रद्द होने के साथ ही स्कूल भवन के उद्घाटन का इंतजार भी एक बार फिर बढ़ गया है।

उद्घाटन के लिए देवरी पहुंचने वाली थीं प्रियंका

खास बात यह है कि यह वही देवरी स्कूल है, जिसका पुराना भवन वर्ष 2023 की विनाशकारी मानसूनी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी खुद देवरी पहुंची थीं और विद्यार्थियों से मुलाकात कर नए भवन के निर्माण का भरोसा दिया था। नया भवन बनकर तैयार हुए भी काफी समय बीत चुका है, लेकिन उद्घाटन के इंतजार में स्कूल को अभी तक नया भवन औपचारिक रूप से नहीं मिल पाया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए अगले चार दिन भारी, 10 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट- रहें सतर्क

2023 की बारिश में क्षतिग्रस्त हुआ था पुराना भवन

वर्ष 2023 में हिमाचल में आई भारी बारिश और आपदा के दौरान देवरी स्कूल का पुराना भवन भी प्रभावित हुआ था। भवन को हुए नुकसान के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई को लेकर भी दिक्कतें सामने आई थीं। इसी दौरान प्रियंका गांधी ने देवरी स्कूल का दौरा किया था।

उद्घाटन नहीं हो सका

उन्होंने विद्यार्थियों से मुलाकात कर स्कूल के लिए नए भवन के निर्माण का भरोसा दिया था। इसके बाद नए भवन का निर्माण शुरू हुआ और वर्ष 2025 में भवन तैयार भी हो गया। मगर निर्माण पूरा होने के बावजूद इसका उद्घाटन नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में कलयुगी बेटे ने मां पर चलाया दरा*ट, बहू ने भी नहीं छोड़ी कोई कसर- किया बुरा हाल

शिक्षा मंत्री का कार्यक्रम भी हुआ था रद्द

देवरी स्कूल के नए भवन का उद्घाटन पिछले कुछ समय से राजनीतिक चर्चा का विषय भी बना हुआ है। करीब तीन सप्ताह पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को भवन का उद्घाटन करना था, लेकिन उनका कार्यक्रम रोक दिया गया था। बताया गया कि अब भवन का उद्घाटन प्रियंका गांधी के हाथों कराया जाना प्रस्तावित था।

 

ऐसे में मंगलवार को प्रियंका गांधी के मंडी दौरे का कार्यक्रम तय हुआ था। लेकिन मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए उनका दौरा रद्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- BJP की नई टीम में हिमाचल के हाथ खाली- क्या मोदी कैबिनेट विस्तार में मिलेगी जगह? जानें

हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है उद्घाटन में देरी का मामला

देवरी स्कूल के नए भवन का उद्घाटन लंबे समय से नहीं होने का मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंच चुका है। इस संबंध में दायर याचिका पर अदालत सरकार से जवाब तलब कर चुकी है। ऐसे में अब एक बार फिर उद्घाटन टलने के बाद यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है।

प्रियंका का दौरा रद्द

एक तरफ स्कूल का नया भवन तैयार है, दूसरी तरफ विद्यार्थी और स्थानीय लोग इसके औपचारिक उद्घाटन का इंतजार कर रहे हैं। अब यह देखना होगा कि प्रियंका गांधी के दौरे के रद्द होने के बाद सरकार उद्घाटन के लिए अगली तारीख कब तय करती है।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा के रास्ते में 24 वर्षीय युवक की मौ**त, दोस्तों संग आया था कमल- घर लौटेगी देह

दिल्ली में CWC बैठक में शामिल हो सकती हैं प्रियंका

प्रियंका गांधी के मंगलवार के मंडी दौरे के बाद उनके दिल्ली लौटने की संभावना है। बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी CWC की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें उनके शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

CM सुक्खू भी जा सकते हैं दिल्ली

वहीं, CM सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी CWC की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बैठक के बाद मुख्यमंत्री 20 अगस्त को हिमाचल लौट सकते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस बैंड प्रभारी पर FIR, लंदन जाने के लिए स्पॉन्सरशिप मांगने के आरोप- जांच जारी

हालांकि, उनके दिल्ली दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी सामने आना बाकी है। अब देवरी स्कूल के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की नजरें इस बात पर हैं कि आखिर 2025 से तैयार भवन को उद्घाटन के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें