मंडी। केरल के वायनाड जिले के निथर इलाके में हुए भीषण भूस्खलन के तीन दिन बीत चुके हैं। हादसे में कई लोगों की मौत और कई के लापता होने की खबर है। लापता लोगों में हिमाचल प्रदेश के मंडी और कांगड़ा के दो युवा इंजीनियर भी शामिल हैं, जिनकी तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है। हर कोई उनके सुरक्षित लौटने की दुआ कर रहा है।

हिमाचल के दोनों इंजीनियर अभी तक लापता 

केरल के वायनाड में सुरंग निर्माण स्थल पर हुए भीषण भूस्खलन ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। इस दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सात लोग अब भी लापता हैं। लापता लोगों में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रिवालसर निवासी युवा इंजीनियर राहुल शर्मा और कांगड़ा जिले के सुरेला क्षेत्र के एक अन्य इंजीनियर भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : लापरवाही बनी काल, तेज रफ्तार बाइक पैरापिट से टकराई; तीन सवार में दो ही बचे

दोनों की तलाश के लिए NDRF, SDRF और अन्य राहत एजेंसियां लगातार युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं और पूरे हिमाचल प्रदेश की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। हर कोई ईश्वर से यही प्रार्थना कर रहा है कि दोनों युवा इंजीनियर सकुशल अपने परिवारों के बीच लौट आएं।

निजी कंपनी में इंजीनियर हैं राहुल शर्मा

राहुल शर्मा वायनाड में एक निजी कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उनके पिता और मामा तुरंत केरल के लिए रवाना हो गए। दोनों घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव अभियान की जानकारी ले रहे हैं। वहीं राहुल की पत्नी पहले से ही वायनाड में हैं और हर पल किसी अच्छी खबर का इंतजार कर रही हैं।

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य का बड़ा दावा : सेब सीजन में 24 घंटे के भीतर बहाल होंगी सड़कें, PWD को निर्देश जारी

मलबा हटाने का काम लगातार जारी

राहुल के मामा रामवीर ने बताया कि बचाव दल लगातार मलबा हटाने के काम में जुटा हुआ है। अब तक चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन राहुल का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार लगातार प्रशासन और रेस्क्यू टीमों के संपर्क में है और हर नई जानकारी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

दुबई से घर लौट रहा छोटा भाई

राहुल के लापता होने की खबर मिलते ही उनका छोटा भाई, जो दुबई में नौकरी करता है, भारत के लिए रवाना हो गया है ताकि इस मुश्किल समय में परिवार के साथ रह सके। रिवालसर स्थित घर में इस समय गमगीन माहौल है। राहुल की मां हर पल बेटे की सलामती की दुआ कर रही हैं। परिवार के दूसरे सदस्य उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बेटे की चिंता हर किसी के चेहरे पर साफ नजर आ रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल मौसम अपडेट : 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में चलेगा आंधी-तूफान

मार्च में हुई थी शादी, पत्नी और बहन की आंखें नम

परिवार के लिए यह समय इसलिए भी ज्यादा भावुक है क्योंकि इसी साल मार्च में राहुल की शादी पूरे परिवार की खुशियों के बीच हुई थी। उनकी पत्नी वायनाड में रहकर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं बहन भी भाई की सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना कर रही है। रक्षाबंधन का जिक्र होते ही परिवार की आंखें नम हो जाती हैं।

परिवार को अब भी है अच्छी खबर का इंतजार

उधर, राहत और बचाव दल युद्धस्तर पर मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। परिवार को अब भी पूरी उम्मीद है कि जल्द राहुल के बारे में कोई अच्छी खबर मिलेगी और वह सुरक्षित अपने घर लौटेंगे। फिलहाल हर किसी की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है।