#यूटिलिटी

July 9, 2026

मंत्री विक्रमादित्य का बड़ा दावा : सेब सीजन में 24 घंटे के भीतर बहाल होंगी सड़कें, PWD को निर्देश जारी

तीन घंटे चली समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

शेयर करें:

Himachal Pradesh

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान अगर कहीं भी सड़क बंद होती है तो उसे 24 घंटे के भीतर खोलने की कोशिश की जाएगी। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विभाग के अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि लोगों को ज्यादा परेशानी न हो और सड़कें जल्द से जल्द बहाल की जाएं। खासकर सेब सीजन को देखते हुए इस काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

सेब सीजन को देखते हुए बढ़ाई तैयारी

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जल्द ही सेब सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में अगर सड़कें लंबे समय तक बंद रहीं तो किसानों और बागवानों को भारी नुकसान हो सकता है। इसी वजह से विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सेब और दूसरे फलों की ढुलाई बिना किसी रुकावट के हो सके, इसके लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : लापरवाही बनी काल, तेज रफ्तार बाइक पैरापिट से टकराई; तीन सवार में दो ही बचे

60 सड़कें बंद, बहाली के लिए 15 हजार कर्मचारी और 1600 मशीनें तैनात

मंगलवार शाम तक प्रदेश में 104 सड़कें बंद होने की सूचना मिली थी। इनमें से कई सड़कें खोल दी गई हैं और बुधवार सुबह तक बंद सड़कों की संख्या घटकर 60 रह गई। विभाग ने सड़कें जल्दी खोलने के लिए पूरे प्रदेश में 15 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को मैदान में उतार दिया है। इसके साथ ही जेसीबी, डोजर और दूसरी मिलाकर करीब 1600 मशीनें भी तैनात की गई हैं।

तीन घंटे चली समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मानसून की तैयारियों को लेकर उन्होंने मंगलवार को विभाग के अधिकारियों के साथ करीब तीन घंटे तक ऑनलाइन बैठक की। इस दौरान सभी जिलों की स्थिति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को साफ कहा गया कि कहीं भी सड़क बंद होने पर तुरंत राहत और बहाली का काम शुरू किया जाए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मायके से ससुराल जा रही 20 वर्षीय विवाहिता हुई गायब, पिता बोले- कोई और ले गया...

कल तक भारी बारिश का अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार और 9 से 10 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक लगातार बारिश की वजह से कई जगह भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और सड़कें बंद होने का खतरा बना रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान बेवजह यात्रा करने से बचें और प्रशासन व मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख