कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से एक बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है, जहां जिला कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री को केंद्र सरकार में नई और अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अब नई दिल्ली स्थित केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में उप सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
तत्काल प्रभाव से हुईं कार्यमुक्त
बतौर रिपोर्टर्स, राज्यपाल की स्वीकृति के बाद हिमाचल सरकार की ओर से इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं और इसके तहत शालिनी को तत्काल प्रभाव से जिला कांगड़ा के एसपी पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी की करतूत, आश्रय लेने आई महिला से की नीचता
वे जल्द ही दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के अधीन अपनी नई भूमिका में कार्यभार संभालेंगी। यह नियुक्ति भारत सरकार की प्रतिनियुक्ति नीति के तहत चार वर्षों के कार्यकाल के लिए की गई है।
सख्त अधिकारी के रूप में बनी पहचान
2012 बैच की आईपीएस अधिकारी शालिनी अग्निहोत्री प्रदेश में एक कर्मठ, अनुशासित और जनसम्वेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में विख्यात रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर उल्लेखनीय पहल कीं। कांगड़ा जैसे बड़े जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखना उनकी एक बड़ी उपलब्धि रही।
यह भी पढ़ें : श्रीखंड यात्रा : युवक ने रास्ते में तोड़ा दम, मजदूर ने देह गाड़ी तक पहुंचाने के मांगे 65 हजार
आम जनता के साथ उनका जुड़ाव और न्यायसंगत निर्णय क्षमता ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई। उनकी नई तैनाती न केवल उनके प्रशासनिक करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए भी सम्मान की बात है कि राज्य की एक महिला आईपीएस अधिकारी को केंद्र सरकार में इतनी अहम भूमिका सौंपी गई है।
इन्हें मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
शालिनी अग्निहोत्री के स्थान पर अब आईपीएस अशोक रतन को कांगड़ा के एसपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में वे नूरपुर पुलिस जिला में बतौर एसपी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार के आदेश के अनुसार जैसे ही शालिनी अग्निहोत्री पदमुक्त होंगी, अशोक रतन उसी दिन से कांगड़ा एसपी की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
