शिमला। अकसर आपने लोगों को यह कहते सुना होगा कि पैसे पेड़ों पर नहीं उगते, लेकिन हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में वीरवार को कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर कुछ देर के लिए लोगों को भी यही लगा कि शायद पैसे सच में पेड़ों पर लगते हैं। यहां अचानक एक पेड़ से असली नोटों की बारिश होने लगी। 

 

देखते ही देखते 500-500 रुपये के नोट हवा में लहराते हुए जमीन पर गिरने लगे। यह नजारा देखकर वहां से गुजर रहे लोग हैरान रह गए और नोटों को गिरता देख कई लोग उस तरफ दौड़ पड़े। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो माजरा कुछ और ही निकला। दरअसल, एक शातिर बंदर किसी व्यक्ति की हजारों रुपये की जमा पूंजी लेकर पेड़ पर चढ़ गया था और वहां बैठकर नोटों की बारिश कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें : बारात की गाड़ी खाई में गिरी, दो लोगों की मौ**त के बाद भी नहीं जागा मंत्री विक्रमादित्य का विभाग

बैंक में जमा करवाने जा रहा था 81,800 रुपये

जानकारी के अनुसार राजधानी शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहा था। उसके पास 81,800 रुपये की नकदी एक पैकेट में रखी हुई थी। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने व्यक्ति की जेब से रुपयों का पैकेट निकाल लिया और देखते ही देखते पेड़ पर जा चढ़ा। व्यक्ति को जब अपनी नकदी बंदर के कब्जे में होने का पता चला तो उसके होश उड़ गए। एक तरफ उसकी मेहनत की कमाई पेड़ पर बंदर के हाथों में थी तो दूसरी तरफ नीचे खड़े होकर वह अपनी रकम बचाने की जद्दोजहद करता रहा।

पेड़ पर बैठकर बंदर ने शुरू की नोटों की बारिश

पेड़ पर पहुंचते ही बंदर ने पैकेट से एक-एक करके नोट निकालने शुरू कर दिए। इसके बाद देखते ही देखते 500 रुपये के नोट नीचे गिरने लगे। पेड़ से नोटों को उड़कर जमीन पर गिरते देख मौके पर मौजूद लोगों के बीच कौतूहल मच गया। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिस पेड़ से आमतौर पर पत्ते गिरते हैं, वहां से हजारों रुपये के नोट बरसते देख हर कोई हैरान था। हालांकि, यह नजारा उस व्यक्ति के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं था, जिसकी पूरी जमा पूंजी बंदर के कब्जे में थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी से लौट रहे दो जवानों की कार खड्ड में गिरी, एक की मौ*त- दूसरे की हालत नाजुक

DC ऑफिस के कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा

घटना के दौरान उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारियों और वहां मौजूद अन्य लोगों ने परेशान व्यक्ति की मदद के लिए मोर्चा संभाला। लोग पेड़ के नीचे बिखरे नोटों को इकट्ठा करने लगे, ताकि बंदर के हाथों और नुकसान न हो। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद अधिकांश नकदी वापस मिल गई। हालांकि, व्यक्ति के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोटों को फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया। इस तरह बंदर की कुछ मिनटों की हरकत ने व्यक्ति को आर्थिक नुकसान और भारी परेशानी में डाल दिया।

 

यह भी पढ़ें : सुंदर ठाकुर को जयराम की सलाह- मंत्री बनाने के नाम पर पीछे-पीछे घुमा रहे CM सुक्खू, बचाएं अपनी इज्जत

शिमला में बंदरों का आतंक

राजधानी शिमला में बंदरों का आतंक कोई नई बात नहीं है। शहर के बाजारों, सरकारी कार्यालयों, मंदिरों और रिहायशी इलाकों में बंदरों की आवाजाही आम है। कई बार बंदर लोगों के हाथों से खाने-पीने का सामान छीन लेते हैं तो कभी बैग, चश्मे और अन्य जरूरी सामान लेकर भाग जाते हैं। इस तरह की घटनाओं से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब उपायुक्त कार्यालय के बाहर बंदर द्वारा 81,800 रुपये का पैकेट छीनकर पेड़ पर चढ़ने और नोटों की बारिश करने की इस घटना ने एक बार फिर शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक और उनसे निपटने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें