शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा उस समय सामने आया। जब CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान हिमकेयर योजना को लेकर गंभीर खुलासा किया।

सदन में गूंजा हिमकेयर का मुद्दा

उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना में बड़े स्तर पर अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं, जिसे सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। CM सुक्खू के इस बयान के बाद सदन का माहौल अचानक गरमा गया और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

यह भी पढ़ें : US-IRAN के बीच चल रहा तनाव : हिमाचल की बेटी को आया बुलावा, जानें क्या है पूरा मामला

स्वास्थ्य योजना पर उठे गंभीर सवाल

CM सुक्खू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिमकेयर योजना, जो प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, उसमें कुछ स्तर पर गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाती है, बल्कि आम लोगों के विश्वास को भी ठेस पहुंचाती है।

हिमकेयर में गड़बड़ी पर एक्शन

CM सुक्खू ने बताया कि सरकार को इस योजना से जुड़ी कई शिकायतें मिली थीं, जिनमें वित्तीय गड़बड़ी और प्रक्रिया में खामियों की ओर इशारा किया गया था। इन शिकायतों के आधार पर ही सरकार ने जांच का फैसला लिया।

यह भी पढ़ें : फौजी भाइयों की अटूट आस्था : चिंतपूर्णी के बाद अब बाबा बालक नाथ मंदिर में चढ़ाई दिव्य भेंट

विजिलेंस को सौंपी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए CM सुक्खू ने विजिलेंस जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाएंगी और जो भी व्यक्ति इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार इस पूरे प्रकरण में पारदर्शिता बनाए रखेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

विपक्ष पर तीखा हमला

सदन में अपने संबोधन के दौरान CM सुक्खू ने विपक्ष, खासकर भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिना तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से पेपर देने निकली 11वीं की छात्रा, नहीं लौटी वापस- पिता ने जताया शक

भाजपा में चल रही गुटबाजी

इसके साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा के भीतर गुटबाजी चल रही है और इसी कारण वे दबाव में नजर आ रहे हैं। इस बयान के बाद सदन में कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति भी बनी रही।

स्वास्थ्य सेवाएं हो रहीं मजबूत

CM सुक्खू ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है और हाल ही में रोबोटिक सर्जरी जैसी उन्नत सुविधाएं शुरू की गई हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के डॉक्टरों ने रचा इतिहास : रोबोटिक सर्जरी कर कैंसर की मरीज को दिया नया जीवन

लोगों को मिल सके बेहतर इलाज

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले समय में और अत्याधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी- ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके। CM सुक्खू ने यह दावा भी किया कि ये उपकरण राष्ट्रीय स्तर के बड़े संस्थानों की तुलना में कम कीमत पर खरीदे गए हैं- जिससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग हो रहा है।

आर्थिक स्थिति पर भी दिया जवाब

प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर उठ रहे सवालों पर भी CM सुक्खू ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्य की वित्तीय हालत को लेकर जो नकारात्मक बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल में किसी तरह की वित्तीय आपात स्थिति नहीं है और सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अपने जिला से पहली महिला लेफ्टिनेंट बनी महक, देशभर में पाया 24वां रैंक- परिवार भावुक

आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है मामला

हिमकेयर योजना में गड़बड़ियों के आरोप और विजिलेंस जांच के आदेश के बाद यह मुद्दा आने वाले समय में और बड़ा रूप ले सकता है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, कई अहम खुलासे सामने आने की संभावना है। साथ ही, सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी टकराव भी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें