मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित पंडोह डेम का जलस्तर लगातार बढ़ने लगा है। पंडोह क्षेत्र में ब्यास नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में तापमान बढ़ने के साथ बर्फ तेजी से पिघल रही है।
हिमाचल के पहाड़ों से पिघली बर्फ
इसके कारण डेम में पानी की आवक सामान्य दिनों की तुलना में अधिक दर्ज की जा रही है। बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड BBMB ने एहतियातन डेम से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का फैसला लिया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी : नौकरियां नहीं, बैकडोर सिस्टम चल रहा है- सरकार से मांगा जवाब
खोले गए डैम के गेट
जानकारी के अनुसार, पंडोह डेम का जलस्तर करीब 2933 फीट तक पहुंच गया है। स्थिति को संतुलित बनाए रखने के लिए BBMB की ओर से लगभग 3000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी नियंत्रित तरीके से ब्यास नदी में छोड़ा जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि पानी धीरे-धीरे छोड़ा जा रहा है ताकि अचानक जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति पैदा न हो। मगर इसके बावजूद नदी के निचले इलाकों में असर देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बदला मौसम : बारिश से मिली राहत, कई जिलों में ओलावृष्टि और तूफान का अलर्ट
सतर्क रहें लोग
BBMB के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि पानी छोड़े जाने के बाद नदी के कई हिस्सों में जलस्तर एक से दो मीटर तक बढ़ सकता है। इसे देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नदी किनारे रहने वाले परिवार, पशुपालक, मछुआरे और नदी तल में कार्य कर रहे लोग किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
अलर्ट पर तीन जिले
प्रशासन ने मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों के अनुसार छोड़ा गया पानी आगे चलकर इन जिलों से होकर गुजरेगा, इसलिए नदी किनारे रहने वाले लोग लगातार प्रशासनिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
यह भी पढ़ें- हिमाचल जेल में कैदी ने तोड़ा दम : परिजन बोले- ह*त्या हुई है, मा.रपीट के भी लगाए आरोप
नदी के पास ना जाएं लोग
खासतौर पर बच्चों को नदी के आसपास जाने से रोकने और शाम के समय नदी किनारे भीड़ न लगाने की अपील की गई है। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक नदी किनारों पर पहुंचते हैं।
पर्यटकों को भी चेतावनी
ऐसे में प्रशासन ने पर्यटकों को भी चेतावनी दी है कि वे सेल्फी लेने, फोटोग्राफी करने या नदी के बीच बने पत्थरों तक जाने का जोखिम न उठाएं। कई बार अचानक जलस्तर बढ़ने से हादसे हो जाते हैं, इसलिए लोगों को पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने किराएदारों से छीनी सब्सिडी : डबल आ रहा बिजली का बिल, परेशानी बढ़ी
बढ़ सकता है जलस्तर
इसके अलावा नदी तल में JCB, ट्रैक्टर या अन्य मशीनरी के साथ काम कर रहे ठेकेदारों और श्रमिकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि सभी उपकरणों और मशीनों को ऊंचे क्षेत्रों में पहुंचाया जाए ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नुकसान से बचा जा सके।
BBMB की हालातों पर नजर
BBMB और जिला प्रशासन की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर जलग्रहण क्षेत्रों में पानी की आवक और बढ़ती है तो आने वाले समय में पानी का डिस्चार्ज और बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों से सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बढ़ा सरकारी स्कूलों का क्रेज, प्राइवेट स्कूल छोड़ एडमिशन लेने पहुंच रहे हजारों छात्र
अलर्ट मोड पर कई विभाग
प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल सरकारी विभागों तथा आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
