सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्कूल ड्यूटी को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। स्कूल में समय पर नहीं पहुंचने और ग्रामीणों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

यह मामला 13 नवंबर को सामने आया था। उस दिन स्कूल में शिक्षक के समय पर नहीं पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर वायरल हुआ था। वीडियो में स्थानीय ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक स्कूल में देरी से पहुंचने को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिए थे। इस मामले में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गई थीं।

 

यह भी पढ़ें : अमूल-वेरका के बाद व्यासधेनु दूध भी ₹4 महंगा, 400 रुपये KG हुआ पनीर- ₹20 बढ़ा दही का रेट

स्कूल में तैनात हैं दो शिक्षक

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर के मुताबिक, राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा ल्वागो में कुल दो शिक्षक तैनात हैं। घटना वाले दिन इनमें से एक शिक्षक खंड स्तरीय बाल मेले में हिस्सा लेने के लिए सतौन गए हुए थे। वहीं, दूसरे शिक्षक पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने समय पर स्कूल नहीं पहुंचने का आरोप लगाया था।

क्या था मामला ? 

पारवा ल्वागो गांव के ग्रामीण नारायण सिंह, नरेश कुमार, सुनील कुमार, अशोक कुमार, अजय कुमार, संदीप कुमार, अमित कुमार, दया राम, बस्ती राम, विनोद कुमार, जगत सिंह, सुरेंद्र सिंह और कुंदन सिंह ने बताया कि स्कूल में कुल 13 बच्चे पढ़ते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जब वे स्कूल पहुंचे तो वहां दोनों शिक्षक मौजूद नहीं थे। स्कूल में केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही मिला।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 2-2 सरकारी आवास पर कुंडली मार कर बैठे हैं 22 अधिकारी, 38 ने रिटायर होने के बाद..

सुबह 11 बजे आते स्कूल आते हैं टीचर

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों के देरी से आने और जल्दी चले जाने की समस्या काफी समय से बनी हुई है। आरोप है कि शिक्षक कई बार सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं और दोपहर 1 बजे तक वापस चले जाते हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार तो पूरा दिन स्कूल में शिक्षक ही नहीं होते। परेशान ग्रामीणों ने अब मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी से तुरंत रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षक राजेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि मामले की पूरी जांच के लिए जल्द ही जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। जांच अधिकारी की फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट मिलने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।