शिमला। हिमाचल प्रदेश एक बार फिर प्राकृतिक कहर की चपेट में है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पूरे प्रदेश में मौसम ने विकराल रूप ले लिया है। चंबा जिले में पहाड़ दरकने से मलबा सड़कों पर आ गया, कई गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है।  

रेड अलर्ट जारी, तूफान का खतरा बरकरार

मौसम विभाग ने प्रदेश भर में रेड अलर्ट जारी किया है। खासकर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने अगले तीन घंटे अत्यधिक संवेदनशील बताए हैं।  

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आर्यन ने घर से दूर रहकर की खूब पढ़ाई- JEE MAIN परीक्षा में झटके 97.5 % अंक

नदियों में उफान, प्रशासन ने की अपील

लगातार बारिश के चलते नदियों और नालों में जल स्तर तेजी से बढ़ा है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलधाराओं के पास न जाएं। पर्यटन या फोटो खिंचवाने के लिए जल स्रोतों के पास जाना जानलेवा हो सकता है।  

कई रास्ते बंद, फसलों को भारी नुकसान

मनाली-जंस्कार मार्ग शिंकुला दर्रे में हिमपात के चलते बंद हो गया है। लाहुल घाटी के जंगल कैंप व तिंदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में बारिश व ओलावृष्टि ने गेहूं व फलदार पौधों को नुकसान पहुंचाया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्कूटी पर घूम रहे थे हरियाणवी छोरे, पुलिस को हुआ शक- जेब मिली चिट्टे की पुड़िया

चंबा में तबाही

चंबा जिले के किहार क्षेत्र में रविवार को बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी। चंबा-सलूणी-लंगेरा मुख्य मार्ग पर नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से कई वाहन मलबे में दब गए और पूरे मार्ग पर यातायात ठप हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों फंसे रहे।

अचानक उफान पर आया नाला, बहा लाया मलबा

घटना रविवार दोपहर बाद की है, जब किहार के ऊपरी हिस्से में भारी बारिश और ओलावृष्टि के बाद एक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। कुछ ही मिनटों में यह पानी मलबा लेकर मुख्य मार्ग तक पहुंच गया और वहां खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे, लेकिन जैसे ही बारिश रुकी, राहत कार्य शुरू हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: गजब- CM हेल्पलाइन पर की चोरी की कंप्लेंट, शिकायत करने वाला ही निकला असली चोर

बारिश-बर्फबारी का आंकड़ा

रविवार को कल्पा में 22, रिकांगपिओ में 8.5, भरमौर में 4.5, बिलासपुर में 14, धौलाकुआं में 7, कुफरी में 7, चंबा में 2, और शिमला-ऊना में 1-1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शिंकुला में आधा फीट हिमपात हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को मिली लीड- 5 चिट्टा तस्करों को किया अरेस्ट, कई नशेड़ी रडार पर

जनता से सहयोग की अपील 

जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि लोग अनावश्यक यात्रा से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस या प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें