शिमला। हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया, जिसके साथ ही कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और बढ़ने की संभावना जताई है। लगातार बारिश को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रशासन ने भी लोगों और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए ही यात्रा करने और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

35 सड़कें बंद, 127 ट्रांसफार्मर ठप

बारिश का असर अब जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार बुधवार शाम तक प्रदेश में 35 सड़कें बंद हो गईं। इनमें कुल्लू की 18, मंडी की 11 तथा ऊना, सिरमौर और लाहौल-स्पीति की दो-दो सड़कें शामिल हैं। बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रदेश में 127 बिजली ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। सबसे ज्यादा 86 ट्रांसफार्मर कुल्लू में प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा सोलन और सिरमौर में 12-12, मंडी में 11 और ऊना में पांच ट्रांसफार्मर बंद हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि किसी भी पेयजल योजना के प्रभावित होने की सूचना नहीं मिली है। वहीं मंडी और शिमला में एक-एक कच्चा मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : अटल टनल से निकली कार हवा में उछली: पुल के सरियों पर अटकी, एक पर्यटक की मौ*त-3 दोस्त घायल

लाहौल-स्पीति में अलर्ट, जरूरी होने पर ही करें यात्रा

मंगलवार रात जिस्पा क्षेत्र में बादल फटने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अचानक आई बाढ़ से कुछ समय के लिए लेह-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हुआ था, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। जिला प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को सलाह दी है कि मानसून के दौरान अत्यंत आवश्यक होने पर ही लाहौल-स्पीति की यात्रा करें और निकलने से पहले मौसम व सड़क की ताजा जानकारी जरूर लें।

 

यह भी पढ़ें : अतिक्रमण विवादों के बीच शमशेर नैहरिया बने धर्मशाला MC के मेयर, प्रेरणा बनी डिप्टी मेयर

मानसून सीजन में छह लोगों की गई जान

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मानसून सीजन में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें सड़क हादसे, पहाड़ी से गिरना और करंट लगने जैसी घटनाएं शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में 102.5 मिमी, घमरूर में 95.2 मिमी, गुलेर में 87.2 मिमी और पालमपुर में 74.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। चंबा, मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: डिलीवरी के बाद मां की मौ*त पर बवाल, अस्पताल में उग्र भीड़ ने किया प्रदर्शन; मांगी निष्पक्ष जांच

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 और 3 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 4 जुलाई को येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 5 जुलाई को मंडी और सिरमौर के लिए फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 6 जुलाई को भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और सड़कें बंद होने की आशंका को देखते हुए लोगों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें