कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में जारी मतगणना के बीच धर्मशाला, पालमपुर और मंडी से कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। शुरुआती नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कुछ वार्डों में भाजपा ने बढ़त बनाई है तो वहीं कांग्रेस भी कई सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही है।

धर्मशाला में भाजपा का प्रदर्शन मजबूत

धर्मशाला नगर निगम के वार्ड नंबर-3 से भाजपा प्रत्याशी आशा ने शानदार जीत दर्ज की है। आशा को 368 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार सुदर्शन कुमारी को 254 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी ने 114 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें- हिमाचल चुनाव परिणाम : 4 नगर निगमों समेत जिला परिषद और BDC की मतगणना थोड़ी देर में शुरू

पूर्व मेयर की हार

वहीं वार्ड नंबर-2 भागसू में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। यहां भाजपा उम्मीदवार शमशेर नैहरिया को 676 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी अशोक पठानिया को 231 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी और पूर्व मेयर ओंकार सिंह को 422 मत हासिल हुए।

शमशेर नैहरिया विजयी रहे

इस त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार शमशेर नैहरिया विजयी रहे। इससे पहले वार्ड नंबर-1 फरसेटगंज से भाजपा की रेखा भी जीत दर्ज कर चुकी हैं। उन्हें 263 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी हिमांशी को 216 वोट प्राप्त हुए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बच्चे की पाइप में फंसकर मौ.त, बंदरों ने 24 घंटे घर में कैद रखा परिवार- पहरा देता रहा झुंड

पालमपुर में कांग्रेस का खाता खुला

पालमपुर नगर निगम के वार्ड नंबर-1 लोहना से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रपाल ने जीत हासिल की है। इंद्रपाल को 858 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को करीब 200 मतों के अंतर से हराया। इस जीत के साथ पालमपुर में कांग्रेस ने अपना खाता खोल दिया है।

मंडी में कांग्रेस और भाजपा दोनों को सफलता

मंडी नगर निगम के वार्ड नंबर-5 मंगवाई से भाजपा की कृष्णा ठाकुर विजेता घोषित हुई हैं। इसी वार्ड में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रणबीर सिंह और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के भतीजे परवीन ठाकुर को हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल चुनाव परिणाम LIVE : मंडी से BJP प्रत्याशी कृष्णा ठाकुर विजयी, पूर्व मंत्री के भतीजे की हार

मंडी में कांग्रेस की मजबूत पकड़

वहीं, कांग्रेस ने भी मंडी में अपनी पकड़ मजबूत दिखाई है। खलियार वार्ड से कांग्रेस की असंतुष्ट उम्मीदवार अलकनंदा हांडा ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस की नर्मदा मोहन 127 मतों के अंतर से विजयी रही हैं।

परिणामों के साथ बढ़ा राजनीतिक उत्साह

नगर निगम चुनावों के शुरुआती नतीजों ने भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमों में उत्साह बढ़ा दिया है। कई वार्डों में मुकाबला बेहद करीबी रहा है, जबकि कुछ सीटों पर मतदाताओं ने स्पष्ट जनादेश दिया है। दिन चढ़ने के साथ और भी महत्वपूर्ण परिणाम सामने आने की उम्मीद है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें