#विविध

May 31, 2026

हिमाचल चुनाव परिणाम : 4 नगर निगमों समेत जिला परिषद और BDC की मतगणना थोड़ी देर में शुरू

250 जिला परिषद और 1684 BDC वार्डों की होगी गिनती

शेयर करें:

panchayat election himachal nikay chunav mandi news zila parishad bdc municipal corporation

शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार का दिन लोकतंत्र के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। प्रदेश के चार नगर निगमों सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला के चुनाव परिणामों के साथ-साथ जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे।

मतगणना केंद्रों पर टिकी निगाहें

सुबह 9 बजे से मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद लाखों मतदाताओं की पसंद सामने आएगी और कई नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो जाएगी। इस बार पंचायत चुनावों में रिकॉर्ड मतदान ने पहले ही राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत चुनाव खत्म, अब सुक्खू सरकार 6200 पदों पर शुरू करेगी भर्ती; मिलेगी सरकारी नौकरी 

प्रदेश भर में हुए मतदान के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना केंद्रों पर टिकी हुई हैं। कई क्षेत्रों में मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है, जिससे परिणामों को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

250 जिला परिषद और 1684 BDC वार्डों की होगी गिनती

राज्य भर में 250 जिला परिषद और 1684 पंचायत समिति (बीडीसी) वार्डों के लिए डाले गए मतों की गणना की जाएगी। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने मतगणना को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: 16 साल की लड़की को पिलाई थी शराब, फिर दो ने लूटी इज्जत- अब ये सजा मिली

मंडी में 15 मतगणना केंद्र, 1349 कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी

मंडी जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए विशेष व्यवस्था की है। जिले में कुल 15 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां 265 टीमों के माध्यम से 1349 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मतों की गिनती के लिए 241 टेबल लगाई गई हैं।

9 बजे शुरू होगी मतगणना

DC मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। नगर निगम मंडी की मतगणना वल्लभ कॉलेज मंडी में होगी। यहां 14 वार्डों के लिए 15 टीमों के माध्यम से 125 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। चूंकि नगर निगम चुनाव ईवीएम के माध्यम से हुए हैं, इसलिए इनके परिणाम अपेक्षाकृत जल्दी आने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बारिश में खुली चुनावी व्यवस्थाओं की पोल, कहीं मोबाइल की रोशनी... कहीं जेनरेटर के सहारे डाले वोट

पंचायत चुनाव परिणामों में लग सकता है अधिक समय

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना अपेक्षाकृत लंबी प्रक्रिया मानी जाती है। इसके लिए जिले में 14 अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। 250 टीमों के जरिए 1224 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और 228 टेबलों पर मतगणना होगी।

 

प्रशासन के अनुसार सभी कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि पंचायत चुनावों के नतीजे देर रात तक आने की संभावना है, क्योंकि मतपत्रों की गिनती में अधिक समय लगता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: दलित के घर में किया डिनर, लोगों ने ‘देव समाज का अपमान’ बताया- वीडियो वायरल

पंचायत चुनावों में रिकॉर्ड मतदान ने बढ़ाई दिलचस्पी

इस बार पंचायत चुनावों के तीनों चरणों में प्रदेश की 3758 पंचायतों में 81 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। तीसरे चरण में भी 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 15.38 लाख मतदाताओं में से करीब 12.39 लाख लोगों ने मतदान किया।

 

सिरमौर और कुल्लू जिलों में सबसे अधिक 85 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 71 प्रतिशत मतदान हुआ। खास बात यह रही कि नौ जिलों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया।

यह भी पढ़ें : कल खुलेगा सत्ता के सेमीफाइनल का पिटारा: कांग्रेस-भाजपा की दांव पर साख; नतीजों पर टिकी हिमाचल की नजरें

महिला मतदान में सिरमौर जिला सबसे आगे रहा, जहां 86 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले। वहीं सिरमौर की भाटगढ़ पंचायत में रिकॉर्ड 95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

आयोग ने जताया पुलिस का आभार

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन, पुलिस और मतदाताओं का आभार जताया है। अब पूरे प्रदेश की नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी हैं, जहां से आज कई राजनीतिक समीकरण बदलने वाले नतीजे सामने आ सकते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख