मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के जलशक्ति विभाग के एक सहायक अभियंता पर गंभीर आरोप लगे हैं। यह आरोप BJP से धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रजत ठाकुर ने लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने इस क्षेत्र में तैनाती के दौरान अपने निजी लाभ के लिए सरकारी संपत्ति की लूट मचाई है।  

ट्रांसफॉर्मर बेचने के आरोप 

रजत ठाकुर ने कांडा पतन में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि धर्मपुर क्षेत्र में तैनात अधिकारियों ने सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग करते हुए अपने घर भरने का काम किया है। रजत ठाकुर ने दावा किया कि जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता, जो 30 अप्रैल को रिटायर हो रहे हैं उन्होंने ट्रांसफॉर्मरों और पंपों की बिक्री कर दी है। उन्होंने बताया कि धर्मपुर सब डिवीजन में 250 किलोवाट के ट्रांसफॉर्मर में से एक को बेच दिया गया और उसे कहीं और ले जाया गया है, जबकि इसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपए बताई जा रही है।  \

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुक्खू सरकार के इस कानून को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे कर्मचारी 

पंप और मशीनों की भी हुई बिक्री

रजत ठाकुर ने आगे बताया कि रिटायरमेंट से पहले अधिकारी सरकारी संपत्ति को बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नई मोटर और पंप भी बेचे गए हैं। धर्मपुर और टिहरा सब डिवीजन के पंप हाउस की भी बिक्री की गई है जिसका उद्देश्य अपनी तिजोरी भरना था।  

सरकार से की जांच की मांग

वहीं, रजत ठाकुर ने सरकार से इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है, ताकि लंबे समय से चल रही धांधली का पर्दाफाश हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विजिलेंस विभाग को इस मामले की जांच करनी चाहिए और पाइपों में हो रहे घोटाले को भी उजागर करना चाहिए।  

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरिए से लदा हुआ ट्रक पलटा, उसी के नीचे फंसा ड्राइवर; मची चीख-पुकार

SDO के खिलाफ कार्रवाई की मांग

रजत ठाकुर ने CM सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से आग्रह किया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और दोषी एसडीओ को तत्काल सस्पेंड किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच की जाती है तो अधिकारियों की काली करतूत सामने आ जाएगी और सरकारी संपत्ति की हानि का जिम्मेदार सही व्यक्ति को ठहराया जा सकेगा।  

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें