लाहौल। सुबह-सुबह लोग अपने घरों से काम और जरूरी कामकाज के लिए निकले थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में अचानक ऐसा कुछ हो जाएगा, जिससे उन्हें बीच रास्ते में ही रुकना पड़ेगा। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मनाली-लेह नेशनल हाईवे पर अचानक पहाड़ी से चट्टानें खिसककर सड़क पर आ गिरीं। देखते ही देखते सड़क पर मलबा फैल गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
हाईवे बंद होने से दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारें
चट्टानें गिरने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां से गुजर रहे पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भी काफी परेशानी हो रही है। कई वाहन रास्ते में ही फंस गए हैं। यात्रियों को अब हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में टीचर पर शिक्षा विभाग का एक्शन, देरी से स्कूल पहुंचने पर किया सस्पेंड
BRO की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंच गई। सड़क पर गिरी चट्टानों और मलबे को हटाने के लिए मशीनरी तैनात कर दी गई है। बीआरओ के कर्मचारी लगातार रास्ता साफ करने में जुटे हुए हैं। विभाग की ओर से हाईवे को जल्द से जल्द दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : अमूल-वेरका के बाद व्यासधेनु दूध भी ₹4 महंगा, 400 रुपये KG हुआ पनीर- ₹20 बढ़ा दही का रेट
सड़क बहाली का काम जारी
फिलहाल मनाली-लेह हाईवे पर सड़क बहाली का काम जारी है। जब तक सड़क से पूरी तरह चट्टानें और मलबा नहीं हटाया जाता, तब तक वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाएगी। ऐसे में दोनों ओर फंसे यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि हाईवे खुलने की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही इस रास्ते पर सफर करें।
