ऊना। हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों को लेकर बड़ी शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले को प्रदेश में सबसे ज्यादा 115 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। वहीं, ऊना के हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो की शुरुआत के साथ परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिली है।

हरोली में बना प्रदेश का पहला ई-बस डिपो

हरोली बस अड्डा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से शुरुआत में 20 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। पूरे ऊना जिले में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। इससे लोगों को आने-जाने में बेहतर सुविधा मिलेगी और जिले की परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू अपने ही मंत्रियों को कर रहे ट्रेस' : BJP का बड़ा दावा, APP पर छिड़ा नया विवाद

 

उन्होंने कहा कि हरोली में महज दो साल में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण किया गया। अब यहां HRTC का क्षेत्रीय कार्यालय और प्रदेश का पहला ई-बस डिपो भी शुरू हो गया है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग ई-बस डिपो की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। इससे हरोली आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा।

 

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिलीं 115 इलेक्ट्रिक बसें

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इनमें से 115 इलेक्ट्रिक बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो बनाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आठवीं पास के लिए नौकरी : हर महीने 24 हजार तक मिलेगी सैलरी, जानें सबकुछ

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने अंब बस अड्डे का निर्माण एक साल के भीतर पूरा कराने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का काम जल्द शुरू किया जाएगा।

 

कांगड़ा में भी बनेगा ई-बस डिपो

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर कांगड़ा में भी ई-बस डिपो बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को ऊना से भी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेटे ने BIRTHDAY पर खोया पिता, घर का काम करते लेंटर से गिरा- परिवार में मातम

इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पहला ई-बस डिपो भी अब हरोली में बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को विकास के काम पसंद नहीं हैं, उन्हें हर अच्छे काम से परेशानी होती है।

बल्क ड्रग पार्क के लिए 1000 करोड़ रुपये देगी सरकार

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : COLD DRINK की बोतल में रखी थी कीटनाशक दवा, 15 वर्षीय बेटी ने पी- थमी सांसें

उन्होंने बताया कि जिले में एक टायर रिट्रेडिंग प्लांट भी लगाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह अंतिम सांस तक हरोली की सेवा करते रहेंगे। उनके लिए हरोली का हर व्यक्ति बराबर है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

हरोली में HRTC का क्षेत्रीय कार्यालय भी शुरू

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू ने हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो और HRTC क्षेत्रीय कार्यालय की शुरुआत को पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे हरोली के साथ-साथ पूरे प्रदेश को फायदा मिलेगा।

वहीं, HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने ई-बस डिपो के लोकार्पण को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के आने से प्रदेश में आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कांगड़ा में ई-बस डिपो बनाने की घोषणा के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार भी जताया।