#हादसा
August 3, 2026
हिमाचल : COLD DRINK की बोतल में रखी थी कीटनाशक दवा, 15 वर्षीय बेटी ने पी- थमी सांसें
लड़की की अचानक हुई मौ..त के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां देहरियां-समीरपुर गांव में एक 15 साल की लड़की की कीटनाशक दवा पीने से मौत हो गई है। बेटी की असमय हुई मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने बताया कि घटना बीती 26 जुलाई को पेश आई थी। जब उनकी 15 वर्षिय बेटी ने गलती से कीटनाशक दवा पी ली। जिसके बाद उसकी तबीयत काफी खराब हो गई। पिछले आठ दिन से बच्ची अस्पताल में उपचाराधीन थी- जहां पर उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने खेतों में छिड़काव करने के लिए घर पर एक बोतल में कीटनाशक दवा (स्प्रे)भर कर रखी थी। बीती 26 जुलाई को घर के लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। इसी बीच उनकी बेटी ने बोतल में रखी स्प्रे को कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया।
इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत काफी खराब होने लगी। परिजनों के पूछने पर उसने पूरी बात बताई। बेटी की गंभीर हालत देखकर परिजन आनन-फानन में उसे टांडा अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए बच्ची को दाखिल कर उपचार शुरू कर दी। पिछले आठ दिन से बच्ची लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थी। मगर डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बच पाई। उसने बीते रविवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके के लोगों में मातम पसरा हुआ है। मामले की पुष्टि करते हुए ASP कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।