कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की सियासत में एक बार फिर कर्ज और सरकार के कामकाज को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कुल्लू के ढालपुर मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा। कंगना ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब केंद्र सरकार पर बोझ बनकर रह गया है और प्रदेश लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देखकर उन्हें काफी दुख और शर्मिंदगी होती है।
ढालपुर मैदान में हुई बड़ी सभा
कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में बुधवार, 7 अक्तूबर को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या में यहां मौजूदगी रही।
यह भी पढ़ें: कहीं पुलिस पर छोड़ दिए कुत्ते, तो कहीं SHO पर चढ़ा दी गाड़ी- हिमाचल में नशा तस्कर बेखौफ
कंगना ने करीब 12 मिनट दिया भाषण
मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सभा को करीब 12 मिनट 30 सेकेंड तक संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और केंद्र सरकार की योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार को भी घेरा।
‘हिमाचल केंद्र पर बोझ बन गया है’
कंगना रनौत ने कहा कि कुछ लोगों को हर अच्छी बात में भी बुराई दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने के साथ हिमाचल को आगे ले जाना है। कंगना ने कहा कि हिमाचल ऐसी स्थिति में पहुंच गया है कि वह केंद्र सरकार पर बोझ बन गया है। उन्होंने कहा कि यह बात उनके लिए शर्मिंदगी और दुख की है।
यह भी पढ़ें: HRTC कर्मियों ने प्रबंधन को दी सख्त चेतावनी, बोले- नहीं माने तो पूरे प्रदेश में करेंगे चक्का जाम
सुक्खू सरकार लगातार ले रही लोन
कंगना ने सुक्खू सरकार पर कर्ज को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार लोन लिया जा रहा है और सरकार ने आने वाली सरकार के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जब लगातार कर्ज बढ़ेगा तो आगे आने वाली सरकार के लिए काम करना आसान नहीं होगा।
हिमाचल में भगवा झंडा लहराना है
अपने संबोधन में कंगना ने कहा कि हिमाचल में धर्म को बढ़ावा देने और भगवा झंडा लहराने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को सही दिशा में आगे ले जाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
यह भी पढ़ें: राजा वीरभद्र सिंह की अनदेखी पर कांग्रेस में बवाल! रामपुर-रोहड़ू के MLA ने मानी गलती- होगी जांच
नशे के खिलाफ भी बोलीं कंगना
कंगना रनौत ने हिमाचल को नशामुक्त बनाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग भोले और सीधे-सादे हैं, लेकिन नशे की समस्या प्रदेश को अंदर से खोखला कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। अगर यही बच्चे नशे की चपेट में आ जाएंगे तो देश के भविष्य पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
PM मोदी के 25 साल के सफर की तारीफ
कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल के सफर की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा यात्रा सिर्फ एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि राष्ट्रसेवा, जनभागीदारी और लगातार समर्पण की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत 2047 के संकल्प को समझने का अवसर मिला।
यह भी पढ़ें: आज राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी हिडिंबा माता के दर्शन, अटल टनल में पर्यटकों की एंट्री बंद- बढ़ाई सुरक्षा
आत्मनिर्भर भारत और युवा शक्ति पर जोर
कंगना ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे संकल्प देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि विकास का फायदा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है।
राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी सभी की
कंगना ने कहा कि देश को विकसित बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। उन्होंने लोगों से सेवा और समर्पण की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
