हमीरपुर। जम्मू-कश्मीर की खूबसूरत वादियों का दीदार करने निकले तीन ऑस्ट्रेलियाई पर्यटकों के साथ एक अनोखा वाकया हो गया। गूगल मैप की नेविगेशन का अनुसरण करते हुए वे जम्मू-कश्मीर की बजाय हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कश्मीर गांव पहुंच गए। इतना ही नहीं हिमाचल पुलिस ने पर्यटकों का मोटा चालान पर काटा।
विदेशी पर्यटकों का सफर बना यादगार
पर्यटकों का जम्मू-कश्मीर जाने का सफर उस समय यादगार बन गया, जब गूगल मैप ने उन्हें गलत दिशा में पहुंचा दिया। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें उनकी वास्तविक लोकेशन बताई तो वे हैरान रह गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी के कुछ ही महीनों बाद पत्नी ने छोड़ा पति, 19 साल चला कोर्ट केस- अब मिला तलाक
दिल्ली से ऑटो लिया किराये पर
पर्यटक दिल्ली से एक मॉडिफाइड ऑटो किराये पर लेकर जम्मू-कश्मीर की ओर रवाना हुए थे। मगर नेविगेशन का अनुसरण करते हुए वे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कश्मीर गांव पहुंच गए।
गूगल मैप की मदद से शुरू की यात्रा
जानकारी के अनुसार, पर्यटक दिल्ली से निकलने के बाद चंडीगढ़, रोपड़, किरतपुर, नंगल, ऊना, बड़सर, मैहरे और दंदड़ू होते हुए गूगल मैप द्वारा सुझाए गए मार्ग पर चलते रहे। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वे हमीरपुर के कश्मीर गांव पहुंच गए। उन्हें लगा कि वे अपने गंतव्य के करीब पहुंच चुके हैं, लेकिन वास्तविकता कुछ और ही थी।
यह भी पढ़ें- अगस्त में होगा हिमाचल विस मानसून सत्र- खाली मंत्री पद और डिप्टी स्पीकर पर फैसला जल्द
गांव पहुंचते ही सड़क पर झूमने लगे पर्यटक
कश्मीर गांव पहुंचने के बाद विदेशी पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने सड़क किनारे अपना ऑटो नंबर KL07DE2685 रोका और आसपास के नजारों का आनंद लेने लगे। दो पर्यटक ऑटो में बैठे रहे, जबकि एक पर्यटक सड़क पर उतरकर नाचने लगा। विदेशी पर्यटकों की मस्ती देखकर स्थानीय लोग भी कुछ देर के लिए रुक गए और उनसे बातचीत करने लगे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इसी दौरान वहां मौजूद एक स्थानीय युवक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने लगा और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें- सावधान हिमाचल! आज से अगले 3 दिन लगातार होगी भारी बारिश, नदियों-नालों से रहें दूर
स्थानीय लोगों ने बताई असली हकीकत
जब पर्यटकों ने आसपास मौजूद लोगों से जम्मू-कश्मीर के बारे में जानकारी लेनी चाही, तब उन्हें पता चला कि वे जम्मू-कश्मीर नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कश्मीर गांव में खड़े हैं। यह सुनकर सभी विदेशी पर्यटक हैरान रह गए। उन्हें एहसास हुआ कि गूगल मैप की वजह से वे गलत स्थान पर पहुंच गए हैं।
फिर सही लोकेशन डालकर हुए रवाना
करीब 10 से 15 मिनट गांव में रुकने के बाद पर्यटकों ने गूगल मैप पर दोबारा जम्मू-कश्मीर की सही लोकेशन दर्ज की। इसके बाद वे कांगू, नादौन और राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते रानीताल की ओर बढ़ते हुए अपने वास्तविक गंतव्य जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के सामने ही शख्स पर किए कु*ल्हाड़ी से कई वार, निकला पुराना कनेक्शन- जानें
पुलिस ने काटा मोटा चालान
आपको बता दें कि ये तीनों पर्यटक शिमला के ऐतिहासिक माल रोड के नो व्हीकल जोन में ऑटो लेकर पहुंच गए थे। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने ऑटो रोक कर पर्यटकों से पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी और वो अनजाने में इस रास्ते पर आ गए। वहीं, पुलिस ने 1500 रुपये चालान काट कर उन्हें नियम समझाए।
