चंबा। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में भारी बर्फबारी के बाद एक बड़ा प्राकृतिक हादसा सामने आया है। पूलन पंचायत के अंतर्गत ओट नाला में बीती रात करीब एक बजे अचानक ग्लेशियर टूटकर नीचे आ गिरा- जिससे क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है।

पहाड़ से भारी ग्लेशियर आया नीचे

इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। इस हादसे में दो पिकअप गाड़ियां और तीन दुकानें पूरी तरह से तबाह हो गईं, जबकि लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के वक्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल भारी बर्फबारी में भी कम नहीं हुई आस्था : बर्फीले तूफान में देवता संग 12 KM पैदल चले देवलू

लोगों में दहशत का माहौल

बताया जा रहा है कि दोनों पिकअप गाड़ियां बीती शाम भरमौर से सामान लेकर पूलन की ओर पहुंची थीं। देर शाम के बाद ड्राइवरों ने गाड़ियों को ओट नाला के समीप सुरक्षित समझकर खड़ा किया और अपने-अपने घरों की ओर चले गए।

रात एक बजे की घटना

रात के अंधेरे में अचानक पहाड़ से भारी ग्लेशियर टूटकर नीचे आ गया। देखते ही देखते बर्फ, पत्थर और मलबे के साथ दोनों गाड़ियां खाई में जा गिरीं। सुबह तक गाड़ियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बर्फबारी के बीच भगाई गई बुरी शक्तियां- घरों से कई दिनों तक बंद रहेंगे लोग

दो गाड़ियां दब गई

ग्लेशियर की चपेट में आई पिकअप गाड़ियों के नंबर HP-38F-7066 और HP-73-8462 बताए जा रहे हैं। इनमें से एक पिकअप घड़लो देवी पत्नी जैहरी राम, निवासी पूलन की बताई जा रही है, जबकि दूसरी पिकअप पूलन गांव के बंटी की है। इसके अलावा घड़लो देवी की ओट नाला के पास स्थित तीन दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। दुकानों में रखा सारा सामान बर्फ और मलबे में दब गया है।

रातोंरात उजड़ गया कारोबार

हादसे के बाद से पूलन और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में ग्लेशियर टूटने की घटना उन्होंने अपने जीवन में पहली बार देखी है। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर रातें जागकर गुजारीं, क्योंकि उन्हें और अधिक ग्लेशियर गिरने का डर सता रहा है।

यह भी पढ़ें : BREAKING : महाराष्ट्र के डिप्टी CM का प्लेन क्रैश-रनवे से उतरा विमान, पूरी तरह ज.ला; कई लोग थे सवार

प्रशासन और पुलिस मौके के लिए रवाना

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। ग्लेशियर के नीचे दबी गाड़ियों की तलाश की जा रही है, हालांकि भारी बर्फ और दुर्गम हालात के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है।

 

पूलन पंचायत की प्रधान अनीता कपूर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं और नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी जानकारी दे दी गई है।

यह भी पढ़ें : BREAKING : महाराष्ट्र के डिप्टी CM का प्लेन क्रैश में निधन- 5 सवारियों की मौके पर ही मौत

50 सालों में पहली बार टूटा इतना बड़ा ग्लेशियर

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 50 वर्षों में भरमौर क्षेत्र में इतना बड़ा ग्लेशियर गिरने की कोई घटना नहीं हुई। बीते 23 और 24 जनवरी को क्षेत्र में 3 से 4 फुट तक बर्फबारी हुई थी, जबकि बीती रात दो फुट से अधिक ताजा बर्फ गिरी।

प्रशासन की लोगों से अपील

लगातार भारी बर्फबारी के चलते पहाड़ों पर जमी बर्फ कमजोर हो गई और इसी का नतीजा यह भयावह हादसा बना। फिलहाल प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। क्षेत्र में मौसम साफ होने के बाद नुकसान का वास्तविक आंकलन किया जा सकेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें