मंडी। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में जागर नाला के पास फोरलेन का एक बड़ा डंगा (रिटेनिंग वॉल) अचानक ढह गया।

तेज बारिश में गिरा डंगा

डंगा धंसने से करीब 30 मीटर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद एहतियातन हाईवे की एक लेन को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। इससे यातायात प्रभावित हुआ है और यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 107 साल के मास्टर जी: इस उम्र में खुद करते हैं अपना सारा काम, सेहत का राज जान होंगे दंग

पहले भी गिर चुका है डंगा

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह डंगा हाल ही में बनाया गया था और बरसात से पहले भी एक बार गिर चुका था। अब दोबारा इसके ढहने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आसपास बने अन्य डंगों में भी दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

 

कई घरों पर मंडराया खतरा

डंगा गिरने के बाद सड़क के नीचे बसे लगभग 20 परिवारों के घरों पर खतरा पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मजबूत सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता है। स्थानीय निवासी सूरत राम ने बताया कि सड़क के किनारों और घरों के पीछे बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार पर भड़के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, बोले- वीरभद्र मॉडल आपसे बेहतर था...

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

गुस्साए ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द मौके का निरीक्षण किया जाए, निर्माण की गुणवत्ता की जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

मिट्टी के सेटलमेंट से हुआ नुकसान

निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्या का कहना है कि डंगा मिट्टी के सेटलमेंट के कारण गिरा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विशेषज्ञों की सलाह लेकर इसे दोबारा और अधिक मजबूत तरीके से बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अप्रैल में बर्फबारी, आज पांच जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट- तेज तूफान के साथ होगी बारिश

हल्की बारिश में ही खुली पोल

गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। हालांकि अभी मानसून जैसी भारी बारिश नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद डंगे का इस तरह ढहना निर्माण की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल, प्रशासन की अगली कार्रवाई और तकनीकी जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि मामला सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें