बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। छह अक्टूबर से शुरू होने वाले दौरे में राष्ट्रपति सबसे पहले श्री नैना देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी।

हिमाचल आ रहीं राष्ट्रपति मुर्मू

इसके बाद वह बिलासपुर स्थित AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दौरे के दौरान राष्ट्रपति के मनाली जाने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है और आठ अक्तूबर को उनके हिमाचल से दिल्ली लौटने की योजना है।

यह भी पढ़ें- ज्वालामुखी मंदिर में अब बैग और पानी की बोतल ले जाने पर रोक; प्रवेश से पहले होगी तलाशी

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति सचिवालय की आधिकारिक वेबसाइट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हालिया कार्यक्रम और गतिविधियां भी अपडेट की गई हैं।

आनंदपुर साहिब से शुरू होगा हिमाचल दौरा

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति छह अक्टूबर को हवाई मार्ग से आनंदपुर साहिब पहुंचेंगी। वहां से सड़क मार्ग के जरिए बिलासपुर जिले के श्री नैना देवी मंदिर जाएंगी। मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद वह वापस आनंदपुर साहिब लौटेंगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में कल से फिर बारिश : लगातार 5 दिन बरसेंगे बादल, जानें कब विदा होगा मानसून

AIMMS बिलासपुर के कार्यक्रम में करेंगी शिरकत

इसके बाद हेलीकॉप्टर से बिलासपुर स्थित AIIMS पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां राष्ट्रपति AIIMS बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक वह शाम करीब चार बजे तक दीक्षांत समारोह में रहेंगी। AIIMS परिसर में ही राष्ट्रपति के भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

नैना देवी से लेकर AIIMS तक सुरक्षा का जिम्मा

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मंगलवार को उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ AIIMS बिलासपुर के अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : घर से बिना बताए दिल्ली भागे भाई-बहन, 7 दिन बाद मिले- स्कूली छात्र हैं दोनों

जरूरी इंतजामों की समीक्षा

बैठक में राष्ट्रपति के आवागमन वाले रास्तों, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों पर जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपने दायित्व समय पर पूरा करें।

सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

श्री नैना देवी मंदिर में राष्ट्रपति के दर्शन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यातायात को व्यवस्थित रखने, पार्किंग, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई समेत जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें: बड़ी खबर : हिमाचल में अब रात-दिन खुली रहेंगी दुकानें और रेस्टोरेंट; कर्मचारियों के लिए नियम तय

रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था भी रहेगी खास

राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही को देखते हुए संबंधित रूट का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन को जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

VIP ड्यूटी में तैनात अधिकारियों

VIP ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने को कहा गया है। इसके अलावा सुरक्षा, संचार व्यवस्था, विद्युत और पेयजल आपूर्ति सहित कार्यक्रम से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : झाड़ियों में मिला नवजात, उपचार के दौरान तोड़ा दम- कलयुगी मां की तलाश जारी

मनाली भी जाएंगी राष्ट्रपति

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति हिमाचल दौरे के दौरान मनाली भी जाएंगी। वहां वह मां हिडिंबा मंदिर में दर्शन करेंगी। उनके पूरे दौरे के दौरान आवागमन की जिम्मेदारी भारतीय वायुसेना के विमानों की रहेगी।

8 अक्तूबर को दिल्ली रवाना 

राष्ट्रपति का मनाली दौरा पहले भी प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण वह कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका था। अब प्रस्तावित नए कार्यक्रम में मनाली को फिर शामिल किया गया है। आठ अक्तूबर को राष्ट्रपति मनाली से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। हालांकि राष्ट्रपति के दौरे से जुड़े कार्यक्रमों में अंतिम समय पर बदलाव संभव हो सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें