चंबा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज से चंबा जिले के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर कई विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही जनसभाओं और 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

3 नवंबर को चुवाड़ी और चलामा में होंगे कार्यक्रम

मुख्यमंत्री 3 नवंबर को सुबह 11:40 बजे चुवाड़ी चौगान पहुंचेंगे। यहां वह विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 5:15 बजे मुख्यमंत्री चलामा (ककीरा) पहुंचेंगे, जहां 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम

4 नवंबर को ककीरा स्कूल और भंजराड़ू में पहुंचेंगे CM

4 नवंबर को सुबह 9:45 बजे मुख्यमंत्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा जाएंगे। यहां वह विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे और उनकी बातें सुनेंगे। इसके बाद दोपहर 11:45 बजे भंजराड़ू के कला मंच में पहुंचकर विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे देहग्रां के मेला मैदान में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां मुख्यमंत्री लोगों से सीधे बातचीत करेंगे।

तीसा में एंटी चिट्टा वॉकथॉन को दिखाएंगे हरी झंडी

5 नवंबर को मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा पहुंचेंगे। यहां विद्यार्थियों से बातचीत करने के बाद एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम

 

इसके बाद दोपहर 12:05 बजे मुख्यमंत्री लिल्ह कोठी महाविद्यालय के खेल मैदान में पहुंचेंगे। यहां विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ जनसभा में भी हिस्सा लेंगे। शाम 5:45 बजे मैहला में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रात को मैहला में ही रुकेंगे।

6 नवंबर को विद्यार्थियों से बातचीत के बाद शिमला लौटेंगे

मुख्यमंत्री 6 नवंबर को सुबह 10 बजे राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला पहुंचेंगे। यहां विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री चंबा जिले का दौरा पूरा कर शिमला के लिए रवाना हो जाएंगे।