मंडी। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच मंडी जिला से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। पंचायत चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी का मतदान से पहले ही निधन हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दूसरी बार पंचायत प्रतिनिधि बनकर अपने वार्ड की सेवा करने का सपना संजोए बैठे प्रत्याशी की यह हसरत अधूरी ही रह गई।
मामला मंडी सदर विकास खंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत स्योग का है। यहां पर वार्ड नंबर.5 से चुनाव मैदान में उतरे 60 वर्षीय भीम सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके आकस्मिक निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे वार्ड के लोग स्तब्ध हैं।
दूसरी बार जनता की सेवा का सपना अधूरा
भीम सिंह ने इस बार पंचायत चुनाव में पूरे उत्साह के साथ नामांकन दाखिल किया था। उनका लक्ष्य दोबारा वार्ड सदस्य बनकर अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाना था। इससे पहले भी वह वार्ड सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। स्थानीय लोगों के अनुसार भीम सिंह चुनाव प्रचार और जनसंपर्क में सक्रिय थे तथा मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे थे। लेकिन किसे पता था कि चुनावी सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही थम जाएगा।
यह भी पढ़ें : आचार संहिता में कैबिनेट बैठक कर फंसी सुक्खू सरकार, एक्शन में चुनाव आयोग; मांगा स्पष्टीकरण
प्रचार के बीच थम गई जिंदगी की रफ्तार
जानकारी के अनुसार 21 मई को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हृदय गति रुकने के कारण उनका निधन हो गया। इस अप्रत्याशित घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। परिवार के साथ-साथ उनके समर्थकों और शुभचिंतकों को भी इस खबर पर विश्वास नहीं हो रहा था। चुनावी माहौल के बीच हुई इस घटना ने पंचायत चुनावों की रौनक को मातम में बदल दिया।
वार्ड में अब होंगे नए सिरे से चुनाव
भीम सिंह के निधन के समय वार्ड नंबर-5 से केवल दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। ऐसे में एक प्रत्याशी की मृत्यु के बाद चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो गई है। पंचायती राज चुनाव नियमों के अनुसार यदि किसी वैध उम्मीदवार का मतदान से पहले निधन हो जाता है और उसके बाद मैदान में केवल एक प्रत्याशी शेष बचता है, तो उस वार्ड में चुनाव प्रक्रिया को पुनः आयोजित किया जाता है। इसी नियम के तहत अब वार्ड नंबर-5 में नए सिरे से चुनाव कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 53 साल की महिला ने छीन ली खुद की सांसें, ज*हरीला पदार्थ खाने के बाद तोड़ा दम
गांव में शोक] लोगों ने दी श्रद्धांजलि
भीम सिंह के निधन की खबर फैलते ही पंचायत क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्ति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों का कहना है कि वह हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सजग रहते थे और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाते थे।
