सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले का एक युवक इन दिनों पश्चिम एशिया में पैदा हुए तनावपूर्ण हालातों के बीच फंस गया है। खास बात यह है कि यह वही युवक है, जिसने अपने भाई के साथ मिलकर एक ही युवती से विवाह किया था और अपनी अनोखी शादी को लेकर पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। अब उन्हीं दो भाइयों में से एक बहरीन में जारी मिसाइल हमलों के बीच सुरक्षित निकलने की जद्दोजहद कर रहा है।
बहरीन के होटल में शेफ है कपिल नेगी
जानकारी के अनुसार सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र निवासी कपिल नेगी वर्तमान में बहरीन के एक नामी होटल में शेफ के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से वहां के भयावह हालात साझा किए, जिसमें आसमान में धमाकों की आवाजें और हमलों के बाद फैला धुआं साफ देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : देवता के दर्शन करने गए थे 5 दोस्त, सुबह-सवेरे खाई में समाई कार; दो नहीं बच पाए
मिसाइल हमलों से दहशत का माहौल
कपिल नेगी द्वारा साझा किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार तनाव बना हुआ है और अमेरिका.ईरान के बीच बढ़ते टकराव का असर बहरीन तक पहुंच गया है। उनके अनुसार अमेरिकी नेवी बेस को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल हमलों के बाद पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने बताया कि हमलों के बाद कई स्थानों पर अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। हालांकि कपिल फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण भारतीय नागरिकों में भी चिंता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर नहीं लौटी थी DAV स्कूल की छात्रा, पुलिस ने 4 राज्य में खोजा- MP से बरामद
अनोखी शादी से सुर्खियों में आया था परिवार
कपिल नेगी सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र के रहने वाले हैं और यह वही शख्स हैं जिन्होंने अपने भाई प्रदीप नेगी के साथ मिलकर कुनहाट गांव की सुनीता चौहान से विवाह किया था। यह विवाह इसलिए चर्चा में आया था क्योंकि दोनों भाइयों ने हाटी समुदाय की पारंपरिक बहुपति प्रथा के तहत एक ही युवती को पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। इस अनोखी शादी ने राष्ट्रीय स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सड़क हाद.से में बेटे ने तोड़ा दम, बेबस मां को कोर्ट ने दिलाया हक- 15 लाख मिला मुआवजा
परिवार में चिंता का माहौल
जहां बड़ा भाई प्रदीप नेगी सरकारी नौकरी में तैनात है। वहीं कपिल नेगी रोजगार के सिलसिले में बहरीन में रह रहे हैं। वर्तमान हालातों ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि मिसाइल हमलों के बीच कपिल का वहां फंसा होना परिजनों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गया है। हमलों की खबर सामने आने के बाद गांव में भी बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार कपिल से संपर्क बनाए हुए हैं और उसकी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद लोग भी उनकी सलामती की कामना कर रहे हैं।
