हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश की सुक्खू सरकार ने शिक्षा विभाग में जूनियर बेसिक टीचर (JBT) के 600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। यह भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी। लंबे समय से नियुक्तियों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इसे बड़ा अवसर माना जा रहा है।

 

राज्य चयन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इन पदों के लिए 16 मार्च से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल तय की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पहले ही दिन स्कूल बस के नीचे आईं दो मासूम बहनें, एक की थम गई सांसें; पसरा मातम

जॉब ट्रेनी आधार पर होगी नियुक्ति

भर्ती प्रक्रिया के तहत जेबीटी के 600 पद जॉब ट्रेनी आधार पर भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग के विभिन्न स्कूलों में नियुक्त किया जाएगा। प्रदेश में लंबे समय से शिक्षकों की कमी को देखते हुए यह भर्ती अहम मानी जा रही है।

आयु सीमा और योग्यता

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का जमा दो (12वीं) पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास जेबीटी, डीएलएड या समकक्ष डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार का टीईटी (अध्यापक पात्रता परीक्षा) पास होना भी अनिवार्य शर्तों में शामिल है।

 

यह भी पढ़ें : अनुराग शर्मा से छिन सकती है राज्यसभा सीट! करोड़ों की संपत्ति छिपाने की आयोग के पास पहुंची शिकायत

आवेदन शुल्क और संशोधन सुविधा

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 800 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। यदि आवेदन फॉर्म में किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है तो उसे सुधारने के लिए 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देकर संशोधन किया जा सकेगा।

पहले भी हो चुकी है भर्ती परीक्षा

गौरतलब है कि इसी वर्ष जनवरी महीने में भी जेबीटी के 600 पदों के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से 17 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। अब आयोग ने एक बार फिर से 600 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिससे युवाओं को एक और मौका मिलेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को चला रही CM की 'मित्र मंडली', जयराम ठाकुर ने खोला सुक्खू सरकार का कच्चा चिट्ठा!

तीन माह में प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य

राज्य चयन आयोग का लक्ष्य है कि इस भर्ती प्रक्रिया को दो से तीन महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाए, ताकि शिक्षा विभाग में खाली पड़े पदों को जल्द भरा जा सके और स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो सके।

श्रेणीवार पदों का विवरण

जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 600 पदों में

  • सामान्य वर्ग – 224
  • ईडब्ल्यूएस – 73
  • सामान्य (डब्ल्यूएफएफ) – 8
  • ओबीसी (यूआर) – 95
  • ओबीसी (बीपीएल) – 22
  • ओबीसी (डब्ल्यूएफएफ) – 2
  • एससी (यूआर) – 118
  • एससी (बीपीएल) – 22
  • एससी (डब्ल्यूएफएफ) – 3
  • एसटी (यूआर) – 25
  • एसटी (बीपीएल) – 8 पद शामिल हैं।

राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि जेबीटी के 600 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पात्र अभ्यर्थी 16 मार्च से 6 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें