मंडी। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे हिमाचल प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अग्निवीर भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परिणाम जारी होने के साथ ही मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के 2769 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में जगह बनाकर अपनी उम्मीदों को नई उड़ान दी है।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी के अंतर्गत आने वाले इन तीनों जिलों के युवाओं ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। अब चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा, जिसके बाद अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हजारों युवाओं ने दिखाई सेना में जाने की ललक
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत के अनुसार अग्निवीर भर्ती परीक्षा के लिए कुल 11,342 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से 9,284 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा में भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 2,769 अभ्यर्थी विभिन्न श्रेणियों में सफल होकर अगले चरण के लिए चयनित हुए हैं। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि हिमाचल के युवाओं में भारतीय सेना के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा सैन्य सेवाओं के माध्यम से देश सेवा करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का 'सेस मॉडल' भरने लगा खाली खजाना, छह महीने में आया करोड़ों का राजस्व
सेना की वेबसाइट पर उपलब्ध है परिणाम
भारतीय सेना ने चयनित उम्मीदवारों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। अभ्यर्थी अंबाला जोन के अंतर्गत जारी परिणाम को वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। सेना अधिकारियों ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपने परिणाम की जांच करने के साथ-साथ आगामी भर्ती प्रक्रिया की तैयारियां भी शुरू कर दें।
फरवरी में मंडी के पड्डल मैदान में होगी भर्ती रैली
अग्निवीर जनरल ड्यूटी, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन और टेक्निकल श्रेणियों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 2 से 6 फरवरी 2027 तक मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित की जाएगी। इस दौरान उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता परीक्षा और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। पड्डल मैदान में आयोजित होने वाली यह भर्ती रैली मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से कोचिंग गई 18 वर्षीय युवती हुई गायब, पिता ने थाने में जताई इस अनहोनी की आशंका
इन श्रेणियों की भर्ती रोहतक में
सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट, सिपाही फार्मा, धार्मिक शिक्षक (रिलिजियस टीचर) तथा जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) श्रेणियों के लिए भर्ती रैली 20 से 27 जुलाई 2026 तक हरियाणा के रोहतक में आयोजित की जाएगी। इन श्रेणियों में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर रिपोर्ट करना होगा।
महिला अभ्यर्थियों के लिए भी सुनहरा अवसर
महिला मिलिट्री पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रही युवतियों के लिए भी अच्छी खबर है। महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में अंबाला में आयोजित की जाएगी। इसके लिए चयनित महिला अभ्यर्थियों को अलग से सूचना प्रदान की जाएगी।
ई-मेल पर भेजे जाएंगे एडमिट कार्ड
सेना भर्ती कार्यालय ने बताया कि भर्ती रैलियों में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड उनकी पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भेजे जाएंगे। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी भर्ती रैली शुरू होने से तीन से चार सप्ताह पहले भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग-इन कर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: तेज रफ्तार ट्रक चालक ने कु.चल दिया 26 वर्षीय बाइक सवार युवक, मौके पर निकले प्राण
दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगामी चरणों की तैयारी पूरी गंभीरता से करें। साथ ही सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अभ्यर्थियों से यह भी अपील की कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं और अपडेट के लिए केवल भारतीय सेना की अधिकृत वेबसाइट पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।
यह भी पढ़ें : सड़क धंसते ही हवा में लटकी HRTC बस.. अंदर सवार थे 30 लोग, मची चीख-पुकार
युवाओं में उत्साह का माहौल
परिणाम घोषित होने के बाद मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। बड़ी संख्या में युवाओं ने अग्निवीर भर्ती के अगले चरण में पहुंचकर भारतीय सेना में शामिल होने के अपने सपने को एक कदम और करीब पहुंचा दिया है।
