#हादसा

July 13, 2026

हिमाचल: तेज रफ्तार ट्रक चालक ने कु.चल दिया 26 वर्षीय बाइक सवार युवक, मौके पर निकले प्राण

ट्रक चालक की लापरवाही ने छीन लिया परिवार से लाडला बेटा

शेयर करें:

manali bike accident

मनाली। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसे कई घरों के चिराग बुझा रहे हैं। सड़कों पर बेतहाशा रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण प्रदेश में लगभग हर दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं] जिनमें कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा पर्यटन नगरी मनाली में सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने 26 वर्षीय बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हार दी।

अटल टनल के समीप हुआ हादसा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मनाली थाना क्षेत्र में अटल टनल के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक ट्रक तेज गति से सड़क पर दौड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सामने जा रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : सड़क धंसते ही हवा में लटकी HRTC बस.. अंदर सवार थे 30 लोग, मची चीख-पुकार

तेलंगाना का रहने वाला था मृतक युवक

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 26 वर्षीय कोटा वेंकटा साई विश्वनाथ के रूप में हुई है। वह तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले का निवासी बताया गया है। युवक मनाली क्षेत्र में बाइक पर यात्रा कर रहा था, तभी वह इस हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना उसके परिवार को दे दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : घर से निकला मासूम दिव्यांश, 3 दिन से नहीं लौटा वापस; बेबस माता-पिता ने मांगी मदद

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक सोनू पुत्र राजेन्द्र निवासी सरकाघाट मंडी वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर प्रदेश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। बावजूद इसके कई चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसका खामियाजा निर्दोष लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुबह हुई शादी, शाम को टूटा रिश्ता- विदाई के वक्त ससुराल जाने से मुकर गई दुल्हन

पुलिस ने की पुष्टि

डीएसपी केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख