ठियोग (शिमला)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ठियोग से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। उपमंडल ठियोग के ग्राम जराई में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई, युवक का शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला है। जबकि घटना के बाद से उसके साथ रह रहे मामा मामी और उनके पांच बच्चे लापता हो गए हैं।

खून से लथपथ मिला युवक

जानकारी के अनुसार गांव जराई निवासी बागवान जगदीश वर्मा अपने सेब के बगीचे में काम करने वाले मजदूरों के लिए बनाए गए डेरे पर आज शनिवार 28 फरवरी की सुबह पहुंचे। वहां पहुंचने पर दोनों कमरे बंद मिले और अंदर कोई हलचल नहीं थी। जब उन्होंने जांच की तो एक कमरा खाली मिला, जबकि दूसरे कमरे में युवक धनी राम खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा*दसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी THAR गाड़ी, पति-पत्नी की मौ*त

रात के समय हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या रात के समय की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि डेरे में नेपाली मूल का सुरेश नामक व्यक्ति अपनी पत्नी कविता तीन बेटियां और दो बेटों के साथ रहता था। उनके साथ उनका भांजा धनी राम भी रहता था। लेकिन शनिवार सुबह धनी राम का शव कमरे में मिला, जबकि सुरेश अपनी पत्नी और बच्चों के सहित फरार पाया गया। जिससे उन पर हत्या का संदेह गहरा गया है।

हत्या के बाद परिवार सहित फरार आरोपी

पुलिस के अनुसार संदिग्धों में सुरेश और उसकी पत्नी कविता के अलावा उनके पांच बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद सभी लोग इलाके से फरार हो गए। पुलिस को शक है कि आरोपी ठियोग से निकलकर कोटखाई, रोहड़ू, कुमारसैन या चौपाल क्षेत्र की ओर भाग सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सन.सनीखेज घटना: युवक ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर लगा ली तीली

सोशल मीडिया पर जारी किया गया अलर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ठियोग पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अलर्ट जारी कर आम जनता से सहयोग मांगा है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान से जुड़े कुछ अहम संकेत भी साझा किए हैं, जिनमें एक पुरुष और तीन बच्चों के सिर मुंडे होने की जानकारी शामिल है, ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उक्त व्यक्तियों के बारे में कोई सूचना मिले, तो तुरंत थाना ठियोग के इन नंबरों  01783-238205, 88947-28020, 70182-92221 पर संपर्क करें।

हत्या का मामला दर्जए पुलिस की दबिश जारी

पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी थाना ठियोग के जांच अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खाई में गिरते दहकी गाड़ी, जिं*दा ज.ल गए अंदर बैठे 3 लोग, बुजुर्ग पिता से छीन गया अंतिम सहारा

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जनता के सहयोग से ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सकेगा। इस सनसनीखेज हत्या ने शांत माने जाने वाले ठियोग क्षेत्र को झकझोर दिया है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे की असली वजह और घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें