ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब क्षेत्र में सरकारी भूमि को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। कलरूही पंचायत के मौजूदा उपप्रधान और उनके पिता के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पंचायत उपप्रधान की दादागिरी
शिकायत गांव के पूर्व जिला परिषद सदस्य और अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों ने पुलिस थाना अंब में दी है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- सांसद अनुराग ठाकुर ने लिखी CM सुक्खू को चिट्ठी, धार्मिक मामले पर जताई चिंता- जानें
उपप्रधान ने हड़पी सरकारी जमीन
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गांव की सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर उन्होंने 20 जून, 2026 को उपायुक्त ऊना को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने मौके का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट तैयार की। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस कार्रवाई के बाद से आरोपित पक्ष उनसे नाराज हो गया और लगातार मानसिक दबाव बनाने के साथ-साथ डराने-धमकाने का प्रयास करने लगा।
गांववालों ने दी शिकायत
शिकायत में कहा गया है कि सरकारी जमीन के मामले को उठाने के बाद कई बार अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। उनका आरोप है कि यह सब इसलिए किया गया ताकि वे शिकायत वापस ले लें और आगे इस मामले को न उठाएं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : नाका देख घबराया विक्की, पुलिस से बचने के लिए निगला चिट्टा- तोड़ा दम
थाना परिसर में भी दी गई धमकी
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि एक अन्य मामले में जब आरोपित के खिलाफ कार्रवाई चल रही थी, उस दौरान थाना परिसर में भी उन्हें कथित रूप से धमकाया गया। उनका कहना है कि उनके सामने ऐसी बातें कही गईं, जिससे उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी जताई आपत्ति
मामले में सोशल मीडिया पर साझा की गई एक रील का भी जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस रील के जरिए उन्हें डराने और दबाव बनाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि रील पर आई टिप्पणियों और पहले मिली कथित धमकियों को देखते हुए उन्हें आशंका है कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस को रील से संबंधित डिजिटल साक्ष्य और अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू ने अपने चहेतों को बांटे सरकारी बंगले...हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, मांगा जवाब
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कलरूही निवासी राम प्रकाश और उसके पिता मदन गोपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शिकायतकर्ताओं, आरोपितों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
हर पहलू की होगी जांच
SP ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि शिकायत और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती : EWS नियमों में बड़ा बदलाव, आरक्षण से ट्रेनी बाहर
आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप किस हद तक सही हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
