#अपराध
August 7, 2026
हिमाचल : नाका देख घबराया विक्की, पुलिस से बचने के लिए निगला चिट्टा- तोड़ा दम
कार्रवाई से बचने के लिए युवक ने निगला चिट्टा
शेयर करें:

सोलन। चिट्टा हिमाचल के युवाओं को अंदर ही अंदर खोखला कर रहा है। इस नशे की वजह से न जाने कितने परिवार उजड़ चुके हैं और कितने युवा मौत के मुंह में जा चुके हैं। अब जिला सोलन से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस से बचने की कोशिश में कथित तौर पर चिट्टा निगलने वाले एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम ने बरोटीवाला टोल बैरियर के पास नाकाबंदी की थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा की तरफ से एक कार में कुछ लोग चिट्टा लेकर बरोटीवाला की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टोल बैरियर के पास नाका लगा दिया।
नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की एक कार (HR-05AH-9078) पुलिस के सामने आई। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। पुलिस के मुताबिक, चालक ने नाका तोड़कर पुलिस कर्मियों को टक्कर मारने की कोशिश की और तेज रफ्तार में बरोटीवाला चौक की तरफ भागने लगा।
पुलिस के अनुसार, नाके से कुछ दूरी पर भाग रही कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार में सवार लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का कहना है कि कार चालक ने अपने पास रखा चिट्टा पुलिस से बचने के लिए निगल लिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। पुलिस ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की के रूप में हुई है। वह सरवण कुमार का बेटा था और गांव गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन का रहने वाला था।
कार में विक्रम ठाकुर के अलावा तीन अन्य युवक भी सवार थे। इनकी पहचान विक्रम सिंह निवासी बरोटीवाला, गौरव कुमार और आशीष मेहता निवासी बग्गूवाला, तहसील बद्दी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी चार पुड़ियां भी मिलीं।
पुलिस को कार से 20 रुपये का अधजला नोट, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक खंजर, एक मिनी मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल और दो वीवो स्मार्टफोन भी मिले। इसके अलावा एल्युमिनियम फॉयल के दो रोल और नशे की पैकिंग व सेवन में इस्तेमाल होने वाले फॉयल के कई टुकड़े भी बरामद किए गए।
इस मामले में पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता और NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उनसे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नशे के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।