ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना जिले के में एक घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपनी ही बहन पर आरी से हमला कर दिया। हमले में युवती घायल हो गई। बहन को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।
मां के साथ कर रहा था गाली-गलौज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला ऊना जिले के दुलैहड़ गांव से सामने आया है। यहां पर 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह रोज की तरह अपने घर के आंगन में खड़ी होकर ब्रश कर रही थी। इसी दौरान उसका भाई अपने कमरे से बाहर आया और किसी बात को लेकर उनकी मां के साथ गाली-गलौज करने लगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी स्कूलों में हेराफेरी : पानी की बोतल योजना से खुली रिकॉर्ड की गड़बड़ी
घर का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। युवती ने बताया कि उसने अपने भाई को समझाने की कोशिश की और मां के साथ इस तरह का व्यवहार न करने के लिए कहा। लेकिन उसकी यह बात आरोपी को नागवार गुजरी। देखते ही देखते वह गुस्से से आग-बबूला हो गया और विवाद बढ़ता चला गया।
गुस्से में उठाई आरी, बहन पर कर दिया हमला
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने आंगन में पड़ी आरी उठाई और बहन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवती संभल भी नहीं पाई। आरी लगने से उसके कान के पास गंभीर चोट आई। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने युवती का रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट करने लगा। हमले के दौरान परिवार के लोग घबरा गए और घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- जॉब अलर्ट : हिमाचल की बेटियों को सरकारी नौकरी, जल्द भरे जाएंगे स्टाफ नर्स के पद- जानें
बीच-बचाव करने पहुंची दादी और चाचा को भी नहीं बख्शा
युवती की चीख-पुकार सुनकर उसकी दादी मौके पर पहुंचीं और दोनों को अलग करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इसी दौरान युवती के चाचा भी बीच-बचाव के लिए आए, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई कर दी, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। कुछ ही देर में पूरे घर में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी मिल गई।
अस्पताल पहुंची घायल युवती, डॉक्टरों ने करवाई जरूरी जांच
घटना के बाद घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुलैहड़ ले जाया गया। अस्पताल से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल युवती का मेडिकल परीक्षण करवाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त : 6 जिलों में अलर्ट जारी, रहें सतर्क
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद युवती के एक्स-रे और सिर का एनसीटी (हेड स्कैन) कराने की सलाह दी है, ताकि किसी अंदरूनी चोट की भी जांच की जा सके। मामले में मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) भी तैयार किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना टाहलीवाल में FIR दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ी चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सोना-चांदी, नकदी बरामद
SP ऊना ने क्या कहा?
SP ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि दुलैहड़ गांव में हुई मारपीट की घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। घायल युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और डॉक्टरों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यदि जरूरत पड़ी तो मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
