कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के पतलीकूहल थाना क्षेत्र के सरसेई गांव में भरोसे को तोड़ने वाली चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। एक परिवार ने अपनी 18 माह की बच्ची की देखभाल के लिए जिस महिला को घरेलू सहायिका के रूप में रखा था, उसी पर करीब 7 लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है।

बच्ची की देखभाल के लिए रखा था काम पर

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले की रहने वाली दीक्षा अरोड़ा पिछले चार वर्षों से सरसेई में किराये के मकान में रह रही हैं। उन्होंने करीब एक माह पहले मंडी जिले के जोगिंद्रनगर निवासी बिपना देवी को अपनी डेढ़ साल की बेटी की देखभाल के लिए काम पर रखा था। रहने की सुविधा के लिए उसे घर के साथ वाला कमरा भी दिया गया था।

यह भी पढ़ें- सड़क किनारे नाई की दुकान पर पहुंचे CM सुक्खू: कटवाए बाल, दुकानदार को पहनाई अपनी टोपी

इलाज के लिए गई थी चंडीगढ़

29 जुलाई को दीक्षा अरोड़ा इलाज के सिलसिले में PGI चंडीगढ़ गई हुई थीं। वहीं उनके पति धमसू स्थित अपने होटल के काम में व्यस्त थे। आरोप है कि इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर घरेलू सहायिका ने अपने एक परिचित के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

लौटने पर खुला चोरी का राज

30 जुलाई की सुबह जब दीक्षा घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि बिपना देवी अपने कमरे से सारा सामान लेकर जा चुकी थी और उसका मोबाइल फोन भी बंद था। शक होने पर जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान गायब मिला।

यह भी पढ़ें : मानसून का रौद्र रूप जारी : हिमाचल में टूट रहे पहाड़, 7 जिलों में हाई अलर्ट

शिकायत के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की चेन, झुमके, अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की सात जोड़ी पायल, चार कड़े, दो जोड़ी झुमके, चार चांदी की अंगूठियां, तीन सूट और मेकअप किट शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।

होटल कर्मचारी ने दिया अहम सुराग

घटना के बाद परिवार ने होटल कर्मचारियों से पूछताछ की। इस दौरान एक कर्मचारी ने बताया कि 29 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे बिपना देवी को उसके परिचित हनी नामक युवक के साथ होटल से बाहर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे।

यह भी पढ़ें : सावन 2026 : पहले सोमवार का व्रत आज, जानिए कैसे करें महादेव को प्रसन्न

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत के आधार पर पतलीकूहल पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ASI बलराज कर रहे हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें