#यूटिलिटी

August 3, 2026

मानसून का रौद्र रूप जारी : हिमाचल में टूट रहे पहाड़, 7 जिलों में हाई अलर्ट

जुलाई महीने में सामान्य से ज्यादा बरसे बादल

शेयर करें:

Himachal Weather Rain IMD Alert Flash Flood Shimla Kullu Landslide Monsoon Update

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने लगा है। रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। ठियोग में चलती कार पर भारी चट्टानें गिर गईं, जबकि कुल्लू में भूस्खलन से सरकारी स्कूल की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी देते हुए सात जिलों के लिए फ्लैश फ्लड अलर्ट जारी किया है।

ठियोग में पहाड़ी से गिरी चट्टानें

रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद शिमला जिले के ठियोग और आसपास के क्षेत्रों में हालात बिगड़ गए। प्रेमघाट में पहाड़ी से अचानक बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से एक कार इसकी चपेट में आ गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में 20 से अधिक सड़कें भी यातायात के लिए बंद हो गई हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूकंप : सुबह-सवेरे डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके

उधर, कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में भूस्खलन से सरकारी प्राथमिक विद्यालय पांकवा की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेना शुरू कर दिया है।

7 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

IMD के अनुसार प्रदेश में अगले छह दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। सोमवार को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के अस्पताल में तड़पता रहा मरीज- घंटों तक नहीं आया डॉक्टर, थमीं सांसें- हुआ हंगामा

वहीं, IMD के फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के निचले और जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है।

आने वाले दिनों में भी राहत नहीं

मौसम विभाग ने 4 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में भारी बारिश की संभावना जताई है। 5 अगस्त को ऊना, कांगड़ा, चंबा और मंडी, जबकि 6 अगस्त को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

यह भी पढ़ें : सावन 2026 : पहले सोमवार का व्रत आज, जानिए कैसे करें महादेव को प्रसन्न

मानसून सीजन में अब तक 8% कम बारिश

प्रदेश में 1 जून से 31 जुलाई तक कुल 347.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 376.6 मिलीमीटर होती है। इस तरह मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 8 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

जुलाई में सामान्य से ज्यादा बरसे बादल

हालांकि जुलाई महीने में मानसून ने जोर पकड़ा। पूरे प्रदेश में जुलाई के दौरान 272.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक रही। इस दौरान चंबा में 46%, कुल्लू में 62%, किन्नौर में 59%, शिमला में 41%, सिरमौर में 12%, सोलन में 7% और ऊना में 1% अधिक बारिश हुई। वहीं बिलासपुर में 1%, कांगड़ा में 7%, मंडी में 21% और लाहौल-स्पीति में 43% कम वर्षा रिकॉर्ड की गई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख