ऊना। हिमाचल प्रदेश में नशा अब हर गली मोहल्ले तक अपनी पहुंच बना चुका है। नशे के यह तस्कर गली मोहल्ले में जाकर युवाओं को नशा बेच रहे हैं। जिससे प्रदेश की युवा पीढ़ी इस दलदल में धंसती जा रही है। हालांकि प्रदेश सरकार और पुलिस इन नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई भी कर रही है, और उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा रही है। इसी कड़ी में ऊना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है।

 

दरअसल हिमाचल के ऊना जिला में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह युवक अपने बैग में नशा भर कर एक मंदिर के पास बैठा हुआ था। युवक शायद यहीं पर इस नशे की डील करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और युवक को मंदिर के पास ही नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। 

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

जानकारी के अनुसार विशेष जांच इकाई की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बसदेहड़ा क्षेत्र में मौनी बाबा मंदिर के पास एक युवक नशीला पदार्थ लेकर बैठा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान की ओर रवाना हो गई। जब पुलिस टीम मंदिर के पास पहुंची तो एक खाली खेत में एक युवक रंगीन बैग के साथ बैठा दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आते देख युवक घबरा गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने तेजी से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष को सिक्कों में तौल दिया गया: जानें कहां और क्यों हुआ ऐसा..

बैग की तलाशी में मिला चिट्टा

पुलिस ने जब युवक के बैग की तलाशी ली तो उसमें से 10.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान विजेंद्र निवासी बसदेहड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और बरामद नशीले पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया।

नशे के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था। जांच के दौरान नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब का मामला : बेटे के जन्म लेते ही सलाखों के पीछे पहुंचा पिता, जानें वजह

नशे के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि अगर कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें