कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भुंतर में महिला के लापता होने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब सैंज क्षेत्र से एक और महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। महिला घर से अपनी सास को मायके जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। सबसे चिंता की बात यह है कि महिला का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। महिला के काफी तलाश करने के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला तो उसका देवर थाने पहुंचा और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : शिरगुल महाराज के मंदिर में अनहोनी : शिखर स्थापना से पहले ही हुआ राख- गांव में मातम
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ समय से लगभग हर दिन महिलाओं और युवतियों के लापता होने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। ताजा घटना ने एक बार फिर परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्राम सभा में शामिल होने के बाद हुई लापता
जानकारी के अनुसार महिला 31 जुलाई को ग्राम पंचायत दुशाहड़ की विशेष ग्राम सभा में शामिल हुई थी। सभा समाप्त होने के बाद उसने अपनी सास को बताया कि वह अपने मायके जा रही है। इसके बाद वह घर से निकल गई, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू अपने ही मंत्रियों को कर रहे ट्रेस' : BJP का बड़ा दावा, APP पर छिड़ा नया विवाद
हर जगह तलाश, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर महिला की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। लगातार मोबाइल बंद मिलने और किसी प्रकार की जानकारी न मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
देवर ने दर्ज करवाई गुमशुदगी की शिकायत
महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके देवर ने थाना सैंज पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के 26 हजार आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ी खबर : CM सुक्खू जल्द लाएंगे नई नीति
पुलिस ने शुरू की तलाश
मामला दर्ज होने के बाद सैंज पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। यदि किसी व्यक्ति को महिला के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो पुलिस से संपर्क करने की अपील भी की गई है।
लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों ने बढ़ाई चिंता
प्रदेश में महिलाओं और युवतियों के लगातार लापता होने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। लगभग हर दिन किसी न किसी जिले से इस तरह की खबर सामने आ रही है, जिससे लोगों में भी असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में भी हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और महिला का जल्द पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
