#अपराध
September 15, 2026
हिमाचल : जेल से छूटते ही अस्पताल पहुंचा शातिर, साथी संग किया बड़ा कांड- मरीजों में हड़कंप
जेल से बाहर आते ही फिर की चोरी
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर AIIMS में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक युवक दो दिन पहले ही जेल से सजा काटकर बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही फिर चोरी की वारदात में शामिल हो गया। युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर AIIMS बिलासपुर में मरीजों और तीमारदारों के सामान पर हाथ साफ किया।
बता दें कि मामला जिला बिलासपुर के AIIMS से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने दो शातिर चोरों के पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बैग बरामद किया है। बैग में 43 हजार 340 रुपये की नकदी और एक कीमती मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को AIIMS के ए-ब्लॉक में कुछ तीमारदार सो रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने मौका देखकर उनका बैग चोरी कर लिया। जब परिजनों को बैग गायब होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम AIIMS पहुंची। पुलिस ने आसपास नाकाबंदी की और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही समय में पुलिस ने दोनों युवकों को चोरी किए गए बैग के साथ पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवम और साहिल खान के रूप में हुई है। दोनों लगमनवी और जाहू, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी साहिल खान के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है। उसके खिलाफ बिलासपुर के भराड़ी थाने में 30 अगस्त को मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज हुआ था। वह सिर्फ दो दिन पहले ही जबली जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही उसने दोबारा चोरी कर डाली।
पुलिस अब दोनों आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं दोनों का क्षेत्र में हुई दूसरी चोरियों में भी हाथ तो नहीं है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।