#अपराध
September 15, 2026
हिमाचल : 22 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा अफसर- वन विभाग ने किया सस्पेंड, अब जेल में कटेगी उम्र
अफसर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेस के जिला सोलन स्थित बद्दी में वन विभाग के एक अधिकारी के लिए कथित तौर पर फाइल आगे बढ़ाने की कीमत मांगना भारी पड़ गया। खैर कटान की अनुमति से जुड़ी फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए पट्टा ब्लॉक ऑफिसर (B.O.) सतीश कुमार पर अब विभाग ने भी कार्रवाई की है। विजिलेंस की गिरफ्तारी के बाद वन विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
मामला खैर कटान की अनुमति से जुड़ा है। आरोप है कि संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने और अनुमति की प्रक्रिया के एवज में सतीश कुमार ने 22 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बद्दी टीम ने जाल बिछाया।
बीते शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने पट्टा स्थित वन विभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। इसी दौरान सतीश कुमार को कथित तौर पर 22 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस ने इस मामले में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया है।
विजिलेंस की कार्रवाई के बाद वन विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया। डीएफओ कुनिहार राज कुमार शर्मा ने सतीश कुमार के निलंबन की सिफारिश करते हुए अरण्यपाल, वन वृत्त बिलासपुर को पत्र भेजा। इसके बाद सोमवार को अरण्यपाल वन वृत्त बिलासपुर मृत्युंजय माधव ने सतीश कुमार को नियमानुसार निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
DFO कुनिहार राज कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद निलंबन के लिए अरण्यपाल कार्यालय को पत्र भेजा गया था। अरण्यपाल मृत्युंजय माधव ने भी पुष्टि की कि सतीश कुमार को सोमवार को नियमानुसार निलंबित कर दिया गया है।