#अपराध
September 15, 2026
हिमाचल में बदमाश युवक की करतूत- महिला की आंखों में झोंकी मिर्ची, बालियां छीन हुआ फरार
लुटेरे ने जबरन उतार ली सोने की बालियां
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में दिनदहाड़े लूट की एक वारदात सामने आई है। नारकंडा में जंगल के रास्ते गांव जा रही 61 वर्षीय महिला को एक युवक ने अचानक रोक लिया। आरोपी ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 14 सितंबर को करीब 11:45 बजे की है। लटयाणा निवासी सुनो देवी पत्नी जिया लाल ने पुलिस को बताया कि वह कंडियाली बाजार से NH-05 की तरफ से गांव जाने वाले रास्ते पर जंगल से होकर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक अचानक उनके पास आया और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
आंखों में मिर्च पड़ने के बाद महिला को कुछ दिखाई नहीं दिया। इसी का फायदा उठाकर युवक ने जबरन उनके दोनों कानों से सोने की बालियां उतार लीं और वहां से भाग गया। महिला के मुताबिक आरोपी की उम्र करीब 25 से 26 साल थी।
महिला ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय युवक ने सफेद चेकदार कमीज और काली पैंट पहन रखी थी। पुलिस अब महिला के बताए हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस थाना कुमारसैन में 14 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है और आरोपी के बारे में सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।